समाज की एकता, सहयोग और जनसेवा का दिया संदेश, उपसभापति सोनू बंसल सहित चार महिला जनप्रतिनिधियां सम्मानित


हनुमानगढ़। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा की जिला इकाई हनुमानगढ़ की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान कर समाज की एकता, आपसी सहयोग और जनसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान नगर परिषद उपसभापति सोनू बंसल, वार्ड नंबर 39 की पार्षद रेखा दादरी, वार्ड नंबर 41 की पार्षद ज्योत्सना सिंगल तथा वार्ड नंबर 46 की पार्षद सोनल अग्रवाल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थितजनों ने जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज और शहर के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका की अपेक्षा जताई।
उपसभापति सोनू बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्श समाज में समानता, सेवा और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक उत्थान और जनकल्याण के कार्यों में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। आपसी सहयोग और एकजुटता से ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।
समाजसेवी एवं संरक्षक राजेश दादरी ने अग्रवाल समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज के सभी लोगों को एक मंच पर आकर एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। संगठित होकर किए गए प्रयास समाज की शक्ति को बढ़ाते हैं। आपसी भाईचारा, सहयोग और सामूहिक भागीदारी ही सामाजिक प्रगति का आधार हैं। जिला अध्यक्ष राधाकृष्ण सिंगला ने सभी अतिथियों, समाज के सदस्यों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुट करने, आपसी संबंधों को मजबूत बनाने और महाराजा अग्रसेन जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल शिक्षा समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्यान सहित हरि खदरिया, राजीव गोयल, मनोज गोयल, योगेश गुप्ता, मनोज सिंगला, साहिल जिंदल, बनीत गर्ग, मनन टांटिया, अजय गुप्ता, दीपक मित्तल, पवन गर्ग, शंकर खदरिया, ऊषा महिपाल, सरला गर्ग, आदित्य अग्रवाल, अजय सिंगल, डॉ. विनोद मामडिया, विकास गोयल, अंकुर गर्ग, संदीप अग्रवाल एवं महेश सरावगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। महासभा की सचिव महक गर्ग ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष गणेश गोयल ने अतिथियों और उपस्थितजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह के माध्यम से समाज में सामाजिक समरसता, परस्पर सहयोग और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने के साथ महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
