शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा को बढ़ावा देने का संकल्प, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन


हनुमानगढ़। अग्रवाल समाज समिति की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिभा सम्मान एवं सांस्कृतिक समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह में समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 70 प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं, नन्हे-मुन्ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महाराजा अग्रसेन एवं मां लक्ष्मी के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य एवं संरक्षक मथरादास बंसल, पूर्व सभापति संतोष बंसल, उद्योगपति उमाशंकर गर्ग, उपसभापति सोनू बंसल, पार्षद रेखा राजेश दादरी, पार्षद सोनल अग्रवाल, पार्षद ज्योत्सना सिंगल, व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मपाल जिंदल डिम्पल तथा पीरखाना अध्यक्ष मनीष अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी इन्द्र हिसारिया ने की। कार्यक्रम का संचालन समिति के मीडिया प्रभारी मुकेश मित्तल ने किया।
70 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रतिभा सम्मान रहा। इसमें विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले 70 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य और समाज की प्रगति का मजबूत आधार है। वरिष्ठ सदस्य देवेंद्र अग्रवाल ने युवाओं से शिक्षा के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान समिति के संरक्षक मंडल के सदस्यों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
शिक्षा और समाजसेवा को प्राथमिकता देने पर जोर
समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा से शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। समाज की वास्तविक शक्ति वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं के उत्साह के समन्वय में निहित है। उन्होंने बताया कि समिति समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा में सहायता देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रसार से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। उपसभापति सोनू बंसल ने महाराजा अग्रसेन के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, परोपकार और लोककल्याण की भावना का प्रतीक है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट रहकर सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने समिति की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए समाज को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
हंसवाहिनी संगीत कला मंदिर के बैनर तले समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा। समारोह में समाज के वरिष्ठ सदस्य, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन मां लक्ष्मी की आरती के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक अमरचंद सिंगल, अमृत लाल सिंगला, रमेश गर्ग, मथुरादास बंसल, जगदीश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.के. गर्ग, उपाध्यक्ष अनिल बंसल, सचिव तरसेम जिंदल, सहसचिव महावीर बंसल, कोषाध्यक्ष आशीष गोयल, संगठन मंत्री सुरेश मित्तल, विधि मंत्री दिनेश गुप्ता, सुभाष मित्तल, हेमंत गोयल, नरेश अग्रवाल, सुदेश गोयल, एस.एन. गुप्ता, पूर्व सचिव अमरनाथ सिंगला, विजय बलाड़िया, नरेश गर्ग, तरसेम गर्ग चुस्की, कपिल बंसल, मनमोहन गर्ग, एडवोकेट धर्मेंद्र बंसल, मनोज गोयल, कुलभूषण जिंदल, पवन गोयल, अमृतलाल ठेकेदार, रविन्द्र डालमिया, गोपाल जिंदल, एडवोकेट जे.पी. गर्ग, विजय बंसल, दर्शना अग्रवाल, राजरानी गोयल, महिला समिति की पूर्व अध्यक्षा मित्तली अग्रवाल, मीना बंसल, मंजू गुप्ता और रीनू बंसल सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। अंत में समिति सचिव तरसेम जिंदल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
