हनुमानगढ़ सर्किल में 65 करोड़ रुपए बकाया, नगर परिषद पर अकेले 12 करोड़ की देनदारी; निर्बाध आपूर्ति के लिए फीडरवार होगा रखरखाव

हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार पर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम की ओर से बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का रखरखाव करवाया जा रहा है। लक्ष्य है कि अक्टूबर के अंत तक सभी जरूरी मेंटेनेंस कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम रहे और बार-बार शटडाउन की जरूरत नहीं पड़े। इसी सिलसिले में मंगलवार को हनुमानगढ़ सर्किल के हनुमानगढ़ और संगरिया डिविजन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अधीक्षण अभियंता आरसी चारण की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिजली आपूर्ति व्यवस्था, राजस्व वसूली, लाइन लॉस, लंबित कनेक्शन और दीपावली से पहले किए जाने वाले रखरखाव कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।
65 करोड़ रुपए बकाया, वसूली बढ़ाने पर जोर
अधीक्षण अभियंता आरसी चारण ने बताया कि हनुमानगढ़ सर्किल में सितंबर तक राजस्व वसूली 91 प्रतिशत रही है, जबकि निगम का लक्ष्य 100 प्रतिशत वसूली हासिल करना है। घरेलू, सरकारी और अन्य नियमित उपभोक्ताओं पर करीब 65 करोड़ रुपए की बकाया राशि है। इसमें नगर परिषद की लगभग 12 करोड़ रुपए की देनदारी भी शामिल है। बैठक में बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने के साथ लंबित बिजली कनेक्शनों और अन्य विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य हासिल करने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
फीडरवार होगा मेंटेनेंस, जरूरत पर लगेंगे अतिरिक्त ट्रांसफार्मर
चारण ने बताया कि दीपावली के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए सब डिविजन स्तर पर टीमें गठित की गई हैं। इनमें फॉल्ट रेक्टिफिकेशन टीम (एफआरटी) भी शामिल हैं। ये टीमें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग फीडरों पर रखरखाव का कार्य करेंगी। मेंटेनेंस के दौरान ट्रांसफार्मरों की जांच, विद्युत उपकरणों का रखरखाव और जरूरी सुधार कार्य किए जाएंगे। जिन क्षेत्रों में बिजली का लोड अधिक है, वहां आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की भी योजना है। निगम का प्रयास है कि त्योहार से पहले बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि दीपावली के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सके।
पीएम सूर्यघर योजना में हनुमानगढ़ दूसरे स्थान पर
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में हनुमानगढ़ सर्किल जोधपुर डिस्कॉम में दूसरे स्थान पर है। योजना के तहत अब तक करीब 18,500 कनेक्शन किए जा चुके हैं। बैठक में अधिकारियों को योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। इसका उद्देश्य पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध करवाना और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
