जोड़कियां में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन, चारों विद्यार्थी राज्य स्तर पर करेंगे हनुमानगढ़ का प्रतिनिधित्व

हनुमानगढ़। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और व्यावहारिक दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के तत्वावधान में समग्र शिक्षा हनुमानगढ़ की ओर से जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जोड़कियां में 12 व 13 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सातों ब्लॉकों से चयनित 14 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मानवी, नाजमीन, किशन और रोहित का राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयन किया गया है। ये चारों विद्यार्थी राज्य स्तर पर हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के दौरान नाट्य प्रदर्शन, भाषण, आशु भाषण, पैनल चर्चा और फोकस ग्रुप चर्चा जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता, तार्किक सोच, नेतृत्व कौशल और संवाद शैली को परखा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को 21वीं सदी की आवश्यक दक्षताओं से परिचित करवाना था। इसमें जीवन कौशल, वित्तीय साक्षरता, नेतृत्व क्षमता, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता और नागरिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला और एडीपीसी सुनीता भटेजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला ने कहा कि वर्तमान समय में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी के पास कम से कम एक विशेष कौशल होना भी जरूरी है। विद्यार्थियों को विभाग की ओर से निर्धारित 14 कौशलों में से चार-पांच कौशलों में दक्षता हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के लिए विभिन्न मंच उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा की सुविधा भी है, जिससे विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ उपयोगी कौशल सीख सकते हैं। नेतृत्व क्षमता, प्रभावी अभिव्यक्ति और संप्रेषण कौशल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।
कड़ेला ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य भी विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षताओं से जोड़ना है। बोलने की कला, नेतृत्व क्षमता या किसी अन्य क्षेत्र में हुनर विकसित करके विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकते हैं। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब विद्यार्थी ज्ञान के साथ आवश्यक कौशल भी अर्जित करेंगे।
कार्यक्रम में समग्र शिक्षा के एपीसी संजय भार्गव, विजय गोदारा, पीओ विकास शर्मा, डाइट प्राचार्य मधुबाला, वरिष्ठ व्याख्याता लक्ष्मी नारायण और विद्यालय की प्राचार्या सुनीता यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में वरिष्ठ व्याख्याता लक्ष्मी नारायण, प्राचार्या सुनीता यादव, पीओ विकास शर्मा और उपप्राचार्य राजेश सहारण शामिल रहे।
छात्रा और छात्र वर्ग में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
प्रधानाचार्य पवन कौशिक ने बताया कि प्रतियोगिता में छात्रा वर्ग में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, संगरिया की कक्षा 12 की छात्रा मानवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नंबर-1, नोहर की कक्षा 12 की छात्रा नाजमीन द्वितीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार छात्र वर्ग में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन के कक्षा 12 के विद्यार्थी किशन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, संगरिया के कक्षा 12 के छात्र रोहित ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चारों चयनित विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
