सड़क किनारे ऊंटनी की गाड़ी की सांकल ठीक कर रहे थे किशनलाल, दोनों पैरों और हाथों सहित शरीर पर आई चोटें
हनुमानगढ़। भादरा कस्बे में करनपुरा माइनर पुल के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से ऊंटगाड़ा लेकर खेत की ओर जा रहे एक बुजुर्ग घायल हो गए। हादसे के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल के बेटे की रिपोर्ट पर भादरा थाना पुलिस ने नामजद मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 40, भादरा निवासी राजेश कुमार (46) पुत्र किशनलाल जांगिड़ ने रिपोर्ट दी कि 10 अक्टूबर को सुबह करीब पांच बजे उनके पिता किशनलाल जांगिड़ ऊंटगाड़ा लेकर खेत की ओर जा रहे थे। करनपुरा माइनर पुल के नजदीक हेतराम स्वामी के खेत के पास उन्होंने सड़क किनारे अपनी तरफ ऊंटगाड़ा खड़ा किया और ऊंटनी की गाड़ी की सांकल ठीक करने लगे। इसी दौरान तेलियों की ढाणी की ओर से मोटरसाइकिल नंबर आरजे 49 एससी 1437 पर आ रहा विकास पुत्र जगदीश निवासी वार्ड नंबर 2, भादरा कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आ गया। आरोप है कि मोटरसाइकिल ने किशनलाल को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक ऊंटगाड़े से भी जा भिड़ी। हादसे में किशनलाल के दोनों पैरों, हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए मंगलम अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राजेश कुमार की रिपोर्ट के आधार पर भादरा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार को सौंपी गई है।
