घर में तोड़फोड़ से एक लाख रुपए के नुकसान का दावा, दवाइयां नहीं देने और जेवरात व नकदी गायब होने की जताई आशंका
हनुमानगढ़। जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में एक 61 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी पुत्रवधू और उसके पिता पर जबरन घर में घुसने, मारपीट करने, घरेलू सामान में तोड़फोड़ करने और मकान पर कब्जा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। न्यायालय में पेश इस्तगासे के आधार पर जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड नंबर 60, सुरेशिया निवासी बृजप्रकाश गोदारा (61) पुत्र बद्रीराम गोदारा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके बेटे हिमांशु का विवाह 30 जनवरी 2025 को नेहा पुत्री मोहर सिंह निवासी सुरेशिया के साथ हुआ था। वैवाहिक विवाद के चलते उन्होंने अपने बेटे और बहू को घर से बेदखल कर दिया था। परिवादी के अनुसार, 15 जून 2026 को शाम करीब पांच बजे वह अपने घर में बैठे थे। इसी दौरान नेहा कथित तौर पर दरवाजा तोड़कर घर में घुस गई और लोहे के डंडे से उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान फ्रिज, टीवी, खिड़कियों, अलमारियों सहित अन्य घरेलू सामान में तोड़फोड़ की गई। इससे करीब एक लाख रुपए का नुकसान होने का दावा किया गया है। इसके बाद घर पर ताला लगाकर कब्जा कर लेने का भी आरोप लगाया गया है।
दवाइयां नहीं मिलने से परेशानी का आरोप
बृजप्रकाश गोदारा ने बताया कि वह शुगर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं और उन्हें दिन में तीन से चार बार दवाइयां लेनी पड़ती हैं। आरोप है कि घर लौटने पर उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया और उनकी दवाइयां भी नहीं दी गईं। उन्होंने मकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों को लेकर भी आशंका जताई है।
पहले की शिकायतों का भी किया उल्लेख
इस्तगासे में परिवादी ने 16 जुलाई 2026 की एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए नेहा के पिता मोहर सिंह पर भी घर में घुसने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भी इस मामले को लेकर जंक्शन थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। इसके अलावा 23 अप्रैल 2026 की घटना के संबंध में लालगढ़ थाने में शिकायत देने और 5 जून को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने की बात भी कही गई है। न्यायालय में पेश इस्तगासे के आधार पर जंक्शन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक विजेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
