तांबे-पीतल के बर्तन, पंखे, पानी की मोटर और चांदी की हनुमानजी की मूर्ति भी ले गए चोर, पुलिस ने शुरू की जांच
हनुमानगढ़। नोहर कस्बे के वार्ड नंबर 22 में जहाज वाली हवेली के पास स्थित एक पुश्तैनी मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर करीब पांच लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए। मकान के ताले टूटने और सामान गायब होने का पता 6 अक्टूबर को चला। इस संबंध में मकान मालिक की रिपोर्ट पर नोहर पुलिस थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी रिपोर्ट में वार्ड नंबर 22 निवासी हर्ष कुमार कल्याणी पुत्र दयाचंद कल्याणी ने बताया कि जहाज वाली हवेली के पास स्थित उनके पुश्तैनी मकान में उनके और उनके भाइयों आनंद व राजेश का कीमती सामान रखा हुआ था। उनके दोनों भाई कलकत्ता में रहते हैं, जबकि वह स्वयं बेंगलुरु में निवास करते हैं। मकान और उसमें रखे सामान की देखरेख पूर्व पार्षद मदनलाल जोशी करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 6 अक्टूबर को मदनलाल जोशी मकान की देखरेख के लिए पहुंचे तो वहां ताले टूटे हुए मिले। मकान से बड़े बर्तन गायब होने पर उन्होंने हर्ष कुमार कल्याणी को इसकी सूचना दी और पुलिस को भी घटना से अवगत करवाया। इसके बाद 12 अक्टूबर को हर्ष कुमार कल्याणी नोहर पहुंचे और मकान में रखे सामान की जांच की। इस दौरान बड़ी मात्रा में सामान गायब मिला। परिवादी के मुताबिक, अज्ञात चोर मकान से तांबे की चार कुंडियां, पीतल की दो कुंडियां, चार सीलिंग फैन, दो टेबल फैन और दो पानी की मोटर चोरी कर ले गए। इसके अलावा दरवाजों पर लगे पीतल के कब्जे, हथ्थियां और कुंडे भी गायब मिले। परिवार के उपयोग में आने वाले पीतल व कांसे के अन्य बर्तन भी चोर समेट ले गए। चोरों ने मकान के पूजा घर को भी नहीं छोड़ा। वहां रखी हनुमानजी की चांदी की मूर्ति और पूजा में इस्तेमाल होने वाले चांदी के बर्तन भी चोरी कर लिए। परिवादी ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई है। हर्ष कुमार कल्याणी की रिपोर्ट पर नोहर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सुभाष को सौंपी गई है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
