मनीष मक्कासर बोले—हनुमानगढ़ में कांग्रेस मजबूत, पंचायत समितियों में प्रधान और जिला परिषद में प्रमुख बनाने का लक्ष्य


हनुमानगढ़। आगामी पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चुनावी तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों के चयन और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल बनाए रखते हुए चुनावी मैदान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में जिला चुनाव पर्यवेक्षक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एमडी चौपदार, जिला प्रभारी फुसाराम गोदारा और सांसद कुलदीप इंदौरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, नोहर विधायक अमित चाचाण, संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी, प्रेमराज नायक, शब्बीर हुसैन, शबनम गोदारा, जसविंद्र बांदर, सोहन ढिल और पूर्व विधायक सुरेश चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एकजुटता और संगठन की मजबूती पर जोर
जिला चुनाव पर्यवेक्षक एमडी चौपदार ने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर मिलकर काम करना होगा। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचने तथा संगठन के सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता जताई। जिला प्रभारी फुसाराम गोदारा ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर चुनाव लड़ने के लिए कई दावेदार सामने आ रहे हैं। पार्टी का प्रयास है कि आपसी सहमति और विचार-विमर्श के माध्यम से मजबूत प्रत्याशियों का चयन किया जाए। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण के दौरान संगठनात्मक अनुशासन और आपसी सामंजस्य बनाए रखना जरूरी है। सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं को पार्टी हित को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करना चाहिए। बैठक में सांसद कुलदीप इंदौरा सहित अन्य नेताओं ने भी चुनावी तैयारियों पर विचार रखे। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, आमजन से सीधा संपर्क बढ़ाने और स्थानीय समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया गया। नेताओं ने पंचायत चुनावों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की जरूरत भी बताई।
पंचायत समितियों में प्रधान और जिला परिषद में प्रमुख बनाने का लक्ष्य
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस हनुमानगढ़ जिले में मजबूत स्थिति में है। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान जिले में कांग्रेस को मिली बढ़त का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी आगामी पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में भी इसी प्रदर्शन को दोहराने के लक्ष्य के साथ तैयारी कर रही है। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य जिले की पंचायत समितियों में प्रधान और जिला परिषद में प्रमुख बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होकर जिम्मेदारियां निभानी होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से पार्टी अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं जिला परिषद चुनाव पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए चुनावी तैयारियों में जुटना चाहिए। पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने के साथ आपसी समन्वय बनाए रखना भी जरूरी है।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में संभावित प्रत्याशियों को लेकर आपसी सहमति बनाने, संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने तथा जिले में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर संगठन महासचिव मांगीलाल स्वामी, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, प्रवक्ता मोहनलाल इंदिलिया, विनोद जाखड़, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू, डॉ. अजय ढिल, राजेश्वर, शेर सिंह गोस्वामी, जिनेन्द्र जैन, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष वारिस अली, आरिफ खान, सुरेन्द्र मारवाल, सीताराम कड़वा, रोहित स्वामी और सुलोचना बावरी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

