काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने समझाए महिला सुरक्षा के उपाय और कानूनी अधिकार


हनुमानगढ़। नवरात्र के दौरान संचालित शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत हनुमानगढ़ पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने महिलाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और पुलिस सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया। इसको लेकर हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित श्री नीलकंठ महादेव सेवा न्यास द्वारा संचालित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में सतर्क रहने, जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने और राजकॉप सिटीजन ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई। पुलिस महानिदेशक के आदेशानुसार और जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की हैड गायत्री देवी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी परेशानी या संकट की स्थिति में घबराने के बजाय समझदारी और सतर्कता से काम लेना चाहिए। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।
राजकॉप सिटीजन ऐप के बारे में बताया
कार्यक्रम के दौरान हैड गायत्री देवी ने महिलाओं के मोबाइल फोन में राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया और इसके उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस सहायता से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी रखना आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोगी साबित हो सकता है। महिलाओं को ऐप के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग करने और जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने के बारे में समझाया गया।
महिला सुरक्षा कानूनों और अधिकारों पर दिया जोर
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, असुरक्षा या परेशानी का सामना करने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस टीम ने महिलाओं को अनजान परिस्थितियों में सावधानी बरतने, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने और संकट के समय उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और उन्हें बिना किसी भय के अपने दैनिक कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर श्री नीलकंठ महादेव सेवा न्यास के अध्यक्ष अश्वनी नारंग ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
