रात के अंधेरे में दूर से नजर आएंगे श्रद्धालु, सड़क हादसों से बचाव के लिए पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान


हनुमानगढ़। सालासर जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हनुमानगढ़ यातायात पुलिस ने विशेष पहल की है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशानुसार यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं के बैग और टी-शर्ट पर रिफ्लेक्टर लगाए, ताकि रात के अंधेरे में सड़क पर पैदल चलने वाले श्रद्धालु वाहन चालकों को दूर से दिखाई दे सकें। इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करना है। यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान श्रद्धालुओं को रिफ्लेक्टर के महत्व की जानकारी दी गई। धार्मिक यात्राओं के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात और तड़के पैदल सड़क मार्ग से गुजरते हैं। कम रोशनी के कारण वाहन चालकों को कई बार पैदल यात्रियों की मौजूदगी का समय पर पता नहीं चल पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बैग और कपड़ों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर वाहनों की रोशनी पड़ने पर चमकते हैं, जिससे श्रद्धालु दूर से ही नजर आने लगते हैं।
रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील
यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा ने कहा कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। धार्मिक यात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं को विशेष रूप से रात के समय सतर्क रहने की जरूरत है। रिफ्लेक्टर का उपयोग करने से वाहन चालकों को दूर से ही पैदल यात्रियों की जानकारी मिल सकती है और उन्हें समय रहते वाहन की गति नियंत्रित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करें और यथासंभव सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर चलें। रात के समय चमकीले या रिफ्लेक्टर युक्त कपड़ों का इस्तेमाल करें तथा सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतें। समूह में पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालु एक-दूसरे की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
वाहन चालकों से भी सतर्क रहने का आग्रह
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से भी धार्मिक यात्राओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सड़क पर पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को देखते हुए वाहन की गति नियंत्रित रखें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। यातायात पुलिस ने संदेश दिया कि थोड़ी सी सावधानी और सुरक्षा उपायों को अपनाकर सड़क हादसों के खतरे को कम किया जा सकता है। रिफ्लेक्टर लगाने की इस पहल के माध्यम से श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित बनाने के साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
