लकी ड्रॉ में मिला डीआई 745 गोल्ड ट्रैक्टर, सिद्धू इंटरप्राइजेज पर आयोजित कार्यक्रम में 12 अन्य ग्राहकों को भी सौंपी गई ट्रैक्टरों की चाबियां


हनुमानगढ़। सोनालिका के डबल बम्पर ऑफर अभियान के तहत हनुमानगढ़ के किसान जोगराज कुमार को लकी ड्रॉ में सोनालिका डीआई 745 गोल्ड ट्रैक्टर भेंट किया गया। जंक्शन स्थित अधिकृत डीलर सिद्धू इंटरप्राइजेज पर मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों और अतिथियों ने किसान को ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दीं। ट्रैक्टर मिलने पर जोगराज कुमार के चेहरे पर खुशी नजर आई। कार्यक्रम के दौरान सिद्धू इंटरप्राइजेज की ओर से 12 अन्य ग्राहकों को भी नए ट्रैक्टरों की डिलीवरी दी गई। कार्यक्रम में सोनालिका के जोनल हेड सौरभ गुप्ता, स्टेट हेड सुनील सिंह, गुरुद्वारा सिंह सभा हनुमानगढ़ जंक्शन के अध्यक्ष नक्षत्र सिंह, एरिया मैनेजर निरपेंद्र सिंह और फील्ड ऑफिसर अर्शदीप सिंह अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीलर कुलविंद्र सिंह सिद्धू ने की। अतिथियों ने लकी ड्रॉ के विजेता किसान जोगराज कुमार को ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
किसानों के लिए योजनाएं लाती है कंपनी
सोनालिका के जोनल हेड सौरभ गुप्ता ने कहा कि कंपनी किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर आकर्षक योजनाएं लेकर आती है। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को लाभ पहुंचाने के साथ उनके साथ कंपनी के जुड़ाव को और मजबूत बनाना है। डबल बम्पर ऑफर भी इसी पहल का हिस्सा है, जिसके तहत लकी ड्रॉ में हनुमानगढ़ के किसान जोगराज कुमार का चयन हुआ। उन्होंने कहा कि कंपनी किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पाद और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
छह माह में एक लाख ट्रैक्टरों की डिलीवरी का दावा
सोनालिका के स्टेट हेड सुनील सिंह ने कहा कि सोनालिका भारत सहित कई देशों में किसानों को ट्रैक्टर उपलब्ध करवा रही है। कंपनी आधुनिक तकनीक और कृषि कार्यों की जरूरतों को ध्यान में रखकर अपने उत्पाद तैयार करती है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती छह महीनों में कंपनी ने एक लाख ट्रैक्टर ग्राहकों तक पहुंचाए हैं। उनके अनुसार, यह उपलब्धि किसानों के विश्वास और कंपनी के साथ उनके जुड़ाव को दर्शाती है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कंपनी की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान किसानों को प्रोत्साहित करने के साथ कंपनी और ग्राहकों के बीच संबंधों को मजबूत करने में भी मददगार होते हैं। कार्यक्रम के दौरान 12 अन्य ग्राहकों को भी ट्रैक्टरों की चाबियां सौंपी गईं। अंत में डीलर कुलविंद्र सिंह सिद्धू ने सभी अतिथियों और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
