जनता के पैसे का उपयोग जनहित में हो, निर्माण गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं: मंजू रणवा

हनुमानगढ़। शहर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर परिषद सभापति मंजू रणवा एवं उपसभापति सोनू बंसल ने बुधवार को चक ज्वाला सिंह वाला रोड पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें।निरीक्षण के दौरान सभापति मंजू रणवा ने कहा कि नगर परिषद का पैसा जनता का पैसा है और इसका उपयोग जनता के विकास एवं सुविधाओं के लिए ही होना चाहिए। विकास कार्य केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए नहीं, बल्कि आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखकर करवाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मजबूत और टिकाऊ निर्माण होने से नागरिकों को बार-बार होने वाली परेशानियों से राहत मिलती है।सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप करवाए जाएं तथा काम में अनावश्यक देरी नहीं हो। ठेकेदार निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए तय मानकों के अनुसार कार्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि शहर का विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर परिषद की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करना होगा। उपसभापति सोनू बंसल ने कहा कि शहर में करवाए जा रहे विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएं देना है। इसके लिए जरूरी है कि निर्माण कार्य समय पर पूरे हों और गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी से पारदर्शिता बनी रहती है और नागरिकों को योजनाओं का बेहतर लाभ मिल पाता है।
दमकल कार्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद सभापति मंजू रणवा एवं उपसभापति सोनू बंसल दमकल कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत कर कार्यालय की व्यवस्थाओं और दमकल सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को समय पर सहायता उपलब्ध करवाने के लिए दमकल सेवाओं को सुचारू बनाए रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु अभियान में भी की शिरकत
इसके बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने टाउन नगर परिषद में आयोजित सेवा सेतु अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ जरूरतमंद नागरिकों तक सरलता से पहुंचना चाहिए। लोगों को अपने जरूरी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाना आवश्यक है।
