कैलाश चौधरी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत कर पंचायत समितियों और जिला परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने का किया आह्वान


हनुमानगढ़। आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले की पंचायत समितियों और जिला परिषद में पार्टी का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन, वार्डवार जिम्मेदारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में पंचायत चुनाव के संभाग प्रभारी, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। बैठक में कैलाश चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन से निरंतर संपर्क बनाए रखना जरूरी है। चौधरी ने वार्डवार प्रभारियों को चुनावी तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों के लिए बूथ से लेकर वार्ड स्तर तक सुनियोजित रणनीति तैयार की जाए। स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत समितियों और जिला परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया। साथ ही संगठन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर तालमेल बनाए रखने और सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने की बात कही।
संगठनात्मक मजबूती और बूथ प्रबंधन पर मंथन
जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और चुनाव प्रभारियों ने चुनावी प्रबंधन को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और स्थानीय स्तर पर संगठन के साथ समन्वय स्थापित करने के विषयों पर विचार-विमर्श किया। जिला संगठन प्रभारी दिनेश धाभाई और सहप्रभारी जितेन्द्र शर्मा की मौजूदगी में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा चुनावी गतिविधियों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। वहीं, जिला चुनाव प्रभारी मधुसुदन भिंडा और जिला चुनाव सहप्रभारी दीपक पारीक सहित अन्य पदाधिकारियों ने चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने पर विचार रखे।
वरिष्ठ नेताओं सहित अनेक पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में लोकसभा प्रत्याशी प्रियंका बैलाण, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा एवं दम्यंती बैनीवाल, पंचायत चुनाव संयोजक आशीष पारीक, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची, गुरदीप शाहपीनी एवं कृष्ण कड़वा, भाजपा नेता अमित चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई और देवेन्द्र पारीक सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनावों के लिए संगठन को सक्रिय करने, बूथ प्रबंधन मजबूत बनाने और चुनावी जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया गया।
