पंचायत एवं निकाय चुनावों में कांग्रेस को बहुमत से जीत दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं से अभी से जुटने की अपील

हनुमानगढ़। राजस्थान कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चोपदार का हनुमानगढ़ स्थित टाक मंजिल पर प्रदेश कोऑर्डिनेटर जावेद अली के नेतृत्व में स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान चोपदार को साफा पहनाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं एवं अतिथियों का भी स्वागत किया गया। इस अवसर पर आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में सांसद कुलदीप इंदौरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा तथा कृष्ण नेहरा का भी स्वागत किया गया। एम.डी. चोपदार के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर अल्पसंख्यक विभाग एडवाइजरी कमेटी के सदस्य असलम टाक और अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश कोऑर्डिनेटर जावेद टाक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत बनाने पर जोर
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चोपदार ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की ताकत उसके जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और मजबूत संगठनात्मक ढांचे में निहित होती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आमजन के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारियों में जुटने की अपील की। चोपदार ने कहा कि पंचायत समितियों और जिला परिषद में कांग्रेस को भारी बहुमत से जीत दिलाने के लक्ष्य के साथ सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और जनसंपर्क गतिविधियों को गति देने की जरूरत है। चोपदार ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय और संगठन के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से मिलकर पार्टी को मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अल्पसंख्यक विभाग के कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जाकिर टाक, अमजद टाक, जुबेर टाक, अनीश टाक, सुलतान जोईया, भंवर नागरा, मुफ्ती अहमद जिया, अब्बास, मजीद नागरा, आमीन नागरा और तारीफ सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों में पार्टी की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।
