सीटू की लोडिंग-अनलोडिंग मजदूर यूनियन ने किया सम्मान, मजदूरों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को किया याद

हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में माकपा के नवनिर्वाचित पार्षद गुरनायब सिंह के पार्षद बनने पर मजदूर वर्ग में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में गुरुवार को सीटू की लोडिंग-अनलोडिंग मजदूर यूनियन की ओर से यूनियन कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम आयोजित कर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके लंबे मजदूर आंदोलन से जुड़े सफर को याद करते हुए उम्मीद जताई कि वे नगर परिषद में श्रमिकों, मेहनतकशों और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। गौरतलब है कि गुरनायब सिंह लंबे समय तक लोडिंग-अनलोडिंग मजदूर यूनियन के अध्यक्ष रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मजदूरों के अधिकारों, समस्याओं और हितों को लेकर संघर्ष किया। मजदूरों के बीच उनकी सक्रिय भागीदारी और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उनके पार्षद निर्वाचित होने को श्रमिक वर्ग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यूनियन कार्यकर्ताओं का कहना था कि मजदूरों के बीच रहकर उनकी परेशानियों को समझने वाले गुरनायब सिंह को अब नगर परिषद में जनसमस्याएं उठाने का अवसर मिला है। यूनियन अध्यक्ष रिछपाल सिंह राठौड़ और सचिव दारा सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने गुरनायब सिंह का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मजदूरों ने उनसे अपेक्षा जताई कि वे अपने पार्षद कार्यकाल में श्रमिकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।
मजदूरों की आवाज को मिलेगी मजबूती
यूनियन अध्यक्ष रिछपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि गुरनायब सिंह का मजदूरों के साथ लंबे समय से जुड़ाव रहा है। उन्होंने यूनियन अध्यक्ष के रूप में श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए उनकी समस्याओं को उठाया। उनके पार्षद बनने से मजदूरों में उम्मीद जगी है कि अब उनकी मांगों और परेशानियों को नगर परिषद में प्रभावी तरीके से रखा जा सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि गुरनायब सिंह मजदूरों के हितों को प्राथमिकता देते हुए जनसमस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे। सरपंच बलदेव सिंह मक्कासर ने कहा कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। गुरनायब सिंह लंबे समय तक मजदूरों के बीच रहकर उनके हितों के लिए काम करते रहे हैं। अब पार्षद के रूप में उन्हें व्यापक स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान में योगदान देने का अवसर मिला है। उम्मीद है कि वे आमजन और मेहनतकश वर्ग के हितों के लिए सक्रियता से काम करेंगे। सीपीआईएम तहसील सचिव बसंत सिंह ने कहा कि मजदूरों और मेहनतकश लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना वामपंथी आंदोलन की प्रमुख पहचान रही है। गुरनायब सिंह ने मजदूर संगठन से जुड़कर इस परंपरा को आगे बढ़ाया है। उनका पार्षद निर्वाचित होना मजदूरों के लिए खुशी का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गुरनायब सिंह नगर परिषद में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए श्रमिकों और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
कार्यक्रम के अंत में यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरनायब सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए मजदूरों, मेहनतकशों और आमजन के हितों की आवाज बुलंद करेंगे।
