पेस्टीसाइड एसोसिएशन ने गणेश जी की सचेतन झांकी की पूजा-अर्चना कर उतारी आरती, रामलीला मैदान में उमड़ी दर्शकों की भीड़


हनुमानगढ़। टाउन स्थित नगर परिषद रामलीला रंगमंच पर श्रीरामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के नौवें दिन धार्मिक प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम और हनुमान जी से जुड़े प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला देखने के लिए मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। आयोजन की शुरुआत पेस्टीसाइड एसोसिएशन के सदस्यों ने भगवान गणेश जी की सचेतन झांकी की पूजा-अर्चना और आरती के साथ की। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के समक्ष शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। रामलीला के नौवें दिन बाली-सुग्रीव युद्ध, बाली वध, सुग्रीव के राज्याभिषेक और हनुमान जी के समुद्र तट तक पहुंचने के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, प्रभावशाली संवाद और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान दर्शक कलाकारों के अभिनय से प्रभावित नजर आए और प्रस्तुतियों की सराहना की। बाली की भूमिका में बहादुर सिंह, सुग्रीव के किरदार में मुकेश स्वामी, भगवान श्रीराम की भूमिका में ओम स्वामी, लक्ष्मण के रूप में संजय सैन तथा हनुमान जी की भूमिका में रजत गर्ग ने प्रभावशाली अभिनय किया। सभी कलाकारों ने अपने किरदारों को पूरी निष्ठा के साथ निभाते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
रामलीला का निर्देशन डायरेक्टर प्रेम पारीक कर रहे हैं। उपडायरेक्टर अशोक मिड्ढा और बहादुर सिंह चौहान भी मंचन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समिति सचिव दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि रामलीला में अभिनय करने वाले कलाकारों को संवाद और मंचन की शैली का अच्छा अभ्यास है। कलाकार मर्यादा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी भूमिकाएं निभा रहे हैं, जिससे दर्शकों को धार्मिक प्रसंगों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
दशहरा उत्सव में आकर्षण का केंद्र होंगे विशाल पुतले
समिति सचिव दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि श्रीरामलीला समिति की ओर से हनुमानगढ़ टाउन स्थित बाईपास के दशहरा ग्राउंड में भव्य दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले तैयार किए गए हैं। उत्सव के दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। समिति की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं, ताकि शहरवासी उत्साह और उल्लास के साथ दशहरा पर्व मना सकें।
कार्यक्रम के दौरान समिति संरक्षक बालकृष्ण गोल्याण, अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल, पवन खदरिया, उपाध्यक्ष सज्जन बंसल, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, स्टेज व्यवस्था प्रभारी सुंदर बंसल एवं हेमंत शर्मा, बालकिशन खदरिया और चांद रतन खदरिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। रामलीला मैदान की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सनातन धर्म महावीर दल के कैप्टन सोनू बंसल और दल के स्वयंसेवकों ने संभाली। मंच संचालन मंच सचिव प्रहलाद गुप्ता ने किया।
