पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के तहत आमजन को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक, प्राचार्य अनुभव बिस्सू ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

हनुमानगढ़। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला हनुमानगढ़ के तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। श्री गुरुनानक खालसा शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन में 12 से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के तहत इस रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और दैनिक जीवन में अच्छी आदतें अपनाने का संदेश दिया गया। रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य अनुभव बिस्सू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस महाविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल स्काउट-गाइड ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका अहम
रैली के दौरान स्काउट-गाइड ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और अपनी दिनचर्या में अच्छी आदतों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संदेश दिया कि स्वस्थ जीवनशैली केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाकर ही एक स्वस्थ और सकारात्मक समाज का निर्माण किया जा सकता है। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य स्काउट-गाइड को आवश्यक प्रशिक्षण देने के साथ उनमें अनुशासन, सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। शिविर के तहत आयोजित गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षुओं को समाज के बीच पहुंचकर जनहित के मुद्दों पर जागरूकता फैलाने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय संघ के प्रधान श्रीराम रांगेरा, सचिव सोहन गोदारा, रेंजर लीडर डॉ. मनका देवी और रेंजर खुशबू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्काउट-गाइड के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति लोगों में सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
