प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम 25 अक्टूबर को बीकानेर में प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में करेगी हनुमानगढ़ का प्रतिनिधित्व

हनुमानगढ़। भारत विकास परिषद् की नगर इकाई हनुमानगढ़ की ओर से आयोजित शाखा स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में एसआरएम स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुतियों से राष्ट्रप्रेम, एकता और भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। विजेता टीम अब 25 अक्टूबर को बीकानेर में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत भाषा में देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों में उत्साह, अनुशासन और सामूहिक तालमेल देखने को मिला। एसआरएम स्कूल की टीम ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया।
देशभक्ति और संस्कारों को बढ़ावा देती हैं प्रतियोगिताएं
भारत विकास परिषद् के जिला समन्वयक कपिल कालड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, सामूहिकता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का अवसर भी देते हैं। परिषद् के प्रांतीय गुरुवंदन प्रभारी भारतेंदु सैनी ने कहा कि समूह गान जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में संस्कार, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करती हैं। हिंदी एवं संस्कृत में देशभक्ति गीतों का गायन विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को मिलता है बढ़ावा
भारत विकास परिषद् के शाखा सचिव अशोक सुथार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सामूहिक तालमेल और मंच पर प्रस्तुति देने की क्षमता को निखारती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेता टीम को आगामी प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का मंच संचालन भी अशोक सुथार ने किया। कार्यक्रम में परिषद् सदस्य विकास गोयल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आयोजन में सहयोग देने वाले परिषद् सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से ऐसे आयोजन सफल होते हैं और बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक कपिल कालड़ा, प्रांतीय गुरुवंदन प्रभारी भारतेंदु सैनी, शाखा अध्यक्ष अनिल कौशिक, सचिव अशोक सुथार, भारत को जानो प्रभारी विकास गोयल, प्रवीण सिंगला, डॉ. अंकुर धुड़िया, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र स्वामी सहित परिषद् के अन्य सदस्य और विद्यालय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम को बधाई देते हुए बीकानेर में होने वाली प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
