हाउसिंग बोर्ड मैदान में सजेगा मां का दरबार, 21 अक्टूबर तक पूजा-अर्चना, लंगर, भजन संध्या और जागरण के होंगे आयोजन

हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में आयोजित होने वाले 34वें विशाल दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार, 16 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा और मां दुर्गा की प्रतिमा के अनावरण के साथ होगा। सार्वजनिक श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी नेटवर्क की ओर से आयोजित इस धार्मिक महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित करने सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। महोत्सव 16 से 21 अक्टूबर तक हनुमानगढ़ जंक्शन में श्रीगंगानगर रोड के नजदीक स्थित हाउसिंग बोर्ड मैदान में आयोजित होगा। शुक्रवार शाम 5:15 बजे पूजा स्थल से कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद रात 8:15 बजे मां दुर्गा की प्रतिमा का अनावरण होगा और रात 9:15 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। कमेटी ने शहरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
छह दिन तक गूंजेंगे मां दुर्गा के जयकारे
दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि, प्रसाद वितरण और संध्या आरती होगी। धार्मिक कार्यक्रमों की शृंखला में 17 अक्टूबर को भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें भजन गायक प्रीतम साचव अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 18 अक्टूबर को श्रीराम प्रभात फेरी के माध्यम से महाआरती की जाएगी। इसके बाद भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति गीतों के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा का गुणगान करेंगे।19 अक्टूबर को दोपहर में लंगर प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसी दिन रात 8:15 बजे विशाल जागरण का आयोजन होगा, जिसमें आमंत्रित भजन गायक मां की महिमा का गुणगान करेंगे। 20 अक्टूबर को सुबह 10:15 बजे हवन यज्ञ आयोजित किया जाएगा। वहीं, 21 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर पूर्णाहुति, सिंदूर दान और मूर्ति जल प्रवाह सहित अन्य धार्मिक रस्में संपन्न होंगी।
धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण
महोत्सव के दौरान पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि सामूहिक पूजा, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक गतिविधियों से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। कमेटी के संरक्षक राजकुमार गर्ग एवं हरीश जैन दफ्तरी हैं। अध्यक्ष अजीत मंडल, विवरण प्रभारी एवं महासचिव महेश शर्मा पूर्व पार्षद, सह सचिव डॉ. ध्रुव गोदारा, उपाध्यक्ष विनोद मित्तल एवं सुमित गर्ग, व्यवस्था प्रभारी धीरज शाह, कोषाध्यक्ष मोहित गर्ग, प्रचार मंत्री सुग्रोतो बर्मण, प्रचार सहायक पवन कुमार तथा पात्र स्वप्न वसु हैं।
इसके अलावा गोपाल झा वरिष्ठ पत्रकार, अजय गर्ग, रमेश बत्ता, इकबाल पठान एएसआई, ऋषभ जैन, जयप्रकाश गोयल जैकी और राजेंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं। कमेटी ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर 34वें दुर्गा पूजा महोत्सव में भागीदारी निभाने और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।
