बालिकाओं का पूजन कर दिया सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश, क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली के लिए की मां दुर्गा से प्रार्थना

हनुमानगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सशक्त नारी संस्थान की ओर से खुंजा स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में कंजक पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। संस्थान की संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. मित्ताली अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में समिति की सदस्याओं ने भाग लेकर 121 बालिकाओं का पूजन किया और उन्हें भोजन करवाया। इस दौरान मां दुर्गा के प्रति आस्था व्यक्त करने के साथ बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बालिकाओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर विधिवत पूजन करने के साथ हुई। सदस्याओं ने सबसे पहले कंजकों के चरण धोकर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाई गई और हाथों में मेहंदी लगाकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। सदस्याओं ने बालिकाओं को आदर-स्नेह के साथ भोजन करवाया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बालिकाओं का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य : मित्ताली अग्रवाल
संस्थान की संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. मित्ताली अग्रवाल ने कहा कि नवरात्रि में कंजक पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। यह परंपरा मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और आस्था प्रकट करने के साथ समाज को बालिकाओं के सम्मान का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि बालिकाएं समाज की मजबूत नींव हैं और उनके प्रति सम्मान, समानता तथा सकारात्मक सोच विकसित करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को उचित अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन देकर ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नारी सम्मान और सामाजिक जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। संस्थान का उद्देश्य भी ऐसे आयोजनों के जरिए समाज में बालिकाओं के प्रति सम्मान और सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।
121 कंजकों को कराया भोजन, भेंट किए उपहार
कार्यक्रम में संस्थान की सदस्याओं ने 121 कंजकों को भोजन करवाया। भोजन के बाद बालिकाओं को उपहार स्वरूप प्रसाद और अन्य सामग्री भेंट की गई। सदस्याओं ने बालिकाओं के सुखद भविष्य की कामना करते हुए मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। विद्यालय स्टाफ ने भी संस्थान की इस पहल की सराहना की। उन्होंने आयोजन को सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था और नारी सम्मान की दिशा में सकारात्मक प्रयास बताया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सदस्याओं ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, अधिकारों तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास जारी रखा जाएगा।
संस्थान की सदस्याओं ने उत्साह से लिया भाग
इस अवसर पर संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मित्ताली अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, संरक्षक दीपा डालमिया, संरक्षक सरोज अग्रवाल, श्वेता बब्बर, कौशल्या वर्मा, रिंकल गर्ग, श्वेता गोयल, नीतू कट्टियाल, सोनिया राजपूत, पुष्पा रमानी और सरोज सहित अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं। सभी ने आयोजन में सहयोग करते हुए नवरात्रि के पर्व को श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया।
