एमजीएसयू बीकानेर की अंतरमहाविद्यालय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, फाइनल मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को दी शिकस्त

हनुमानगढ़ जंक्शन। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू), बीकानेर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में पुलकित कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन, हनुमानगढ़ जंक्शन की छात्रा निकेता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिला बॉक्सिंग स्पर्धा में जीत हासिल कर निकेता ने महाविद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के दौरान निकेता ने बेहतरीन खेल कौशल, आत्मविश्वास और दमदार प्रदर्शन का परिचय दिया। उन्होंने एस.बी.एन. डिग्री कॉलेज, सिधमुख की खिलाड़ी अनामिका को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। निकेता महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं तथा उनके पिता का नाम चांदीराम है। निकेता की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए महाविद्यालय परिवार ने इसे खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। निकेता के प्रदर्शन ने अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में भाग लेने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया है। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चंद्रा गुरुनानी ने निकेता को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित होती है। महाविद्यालय परिवार ने निकेता की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। महिला बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतकर निकेता ने अपनी प्रतिभा साबित की है और अन्य विद्यार्थियों के सामने मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
