34वें दुर्गा पूजा महोत्सव में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु, 21 अक्टूबर तक भजन संध्या, जागरण, हवन यज्ञ और लंगर सहित होंगे धार्मिक आयोजन

हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मैदान में सार्वजनिक श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित 34वें विशाल दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत शुक्रवार को मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय हो उठा। श्रीगंगानगर रोड के नजदीक आयोजित महोत्सव में श्रद्धालु मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मां दुर्गा की प्रतिमा का अनावरण उद्योगपति शिवशंकर खड़गावत, पार्थ खड़गावत, चिमन मित्तल बब्बू भाई, वीरेन्द्र गोयल बब्बी भट्टेवाले, सुरेश गुप्ता जेके, लवली चावला और पवन गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। अनावरण के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। आयोजन स्थल पर मां का भव्य दरबार सजाया गया है, जहां श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
छह दिन तक धार्मिक आयोजनों की धूम
कमेटी की ओर से आयोजित यह महोत्सव 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन पूजा-पाठ, पुष्पांजलि, प्रसाद वितरण और संध्या आरती विधि-विधान से की जाएगी। महोत्सव को लेकर आयोजन स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। कमेटी पदाधिकारी और सदस्य कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संपन्न करवाने में जुटे हुए हैं। आगामी कार्यक्रमों की शृंखला में 17 अक्टूबर को रात 9:15 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। भजन संध्या में भजन गायक प्रीतम साचव अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा का गुणगान करेंगे। वहीं, 18 अक्टूबर को श्रीराम प्रभात फेरी के माध्यम से महाआरती की जाएगी। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों का आनंद लेंगे।
लंगर, विशाल जागरण और हवन यज्ञ होगा आकर्षण
19 अक्टूबर को दोपहर में श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसी दिन रात 8:15 बजे विशाल जागरण आयोजित होगा। इसमें आमंत्रित भजन गायक मां दुर्गा की महिमा का गुणगान करेंगे। 20 अक्टूबर को सुबह 10:15 बजे हवन यज्ञ होगा। इस दौरान श्रद्धालु आहुतियां अर्पित कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।
विजयदशमी पर पूर्णाहुति के साथ होगा समापन
महोत्सव के अंतिम दिन 21 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर पूर्णाहुति, सिंदूर दान और मूर्ति जल प्रवाह सहित विभिन्न धार्मिक रस्में संपन्न होंगी। इसके साथ ही छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन होगा। आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। महोत्सव के शेष दिनों में हाउसिंग बोर्ड मैदान में पूजा-अर्चना, भजन संध्या, जागरण और अन्य धार्मिक आयोजनों के चलते भक्तिमय माहौल बना रहेगा। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी संरक्षक राजकुमार गर्ग, उद्योगपति हरीश दफ्तारी, अध्यक्ष अजीत मंडल, विवरण प्रभारी एवं महासचिव महेश शर्मा (पूर्व पार्षद), सह सचिव डॉ. ध्रुव गोदारा, उपाध्यक्ष विनोद मित्तल, उपाध्यक्ष सुमित गर्ग, व्यवस्था प्रभारी धीरज शाह, कोषाध्यक्ष मोहित गर्ग, प्रचार मंत्री सुग्रोतो बर्मण, प्रचार सहायक पवन कुमार, अजय गर्ग तथा पात्र स्वप्न वसु सहित कमेटी के अन्य सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
