कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने महिलाओं के कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों और राजकॉप सिटीजन ऐप की दी जानकारी

हनुमानगढ़। स्थानीय पुलकित कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। राज्य सरकार की ओर से संचालित महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके बताए और विपरीत परिस्थितियों में सतर्कता बरतने के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेमिनार के दौरान राजबाला, सीता, माया, कृष्णा, सुनीता, मीरा और नीलम सहित टीम के सदस्यों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेना चाहिए। इसके साथ ही छात्राओं को घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने, महिलाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। छात्राओं के मोबाइल फोन में राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकें। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में बताया गया। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम ने छात्राओं के साथ अपने संपर्क नंबर भी साझा किए, जिससे जरूरत पड़ने पर वे सीधे सहायता ले सकें। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. चंद्रा गुरनानी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। महिलाओं से संबंधित कानूनों और अधिकारों की जानकारी होने से छात्राएं अपने साथ होने वाले किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें समाज में सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज प्रशासन की ओर से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर कॉलेज का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
