सिंदूरदान की रस्म के बाद निकली विसर्जन यात्रा, खुंजा नहर में किया गया प्रतिमा विसर्जन; श्रद्धालुओं ने नम आंखों से दी माता रानी को विदाई


हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मैदान में सार्वजनिक श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित 34वें विशाल दुर्गा पूजा महोत्सव का मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के साथ समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम चरण में धार्मिक परंपराओं के अनुसार सिंदूरदान की रस्म निभाई गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र में शांति की कामना की। विधिवत पूजा के पश्चात प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी को भावभीनी विदाई दी। जंक्शन में श्रीगंगानगर रोड के नजदीक हाउसिंग बोर्ड मैदान में आयोजित छह दिवसीय महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों की धूम रही। मां दुर्गा का भव्य दरबार सजाया गया, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महोत्सव के तहत सोमवार को हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया था। इसमें मुख्य यजमान हरीश दफ्तरी, असीम देवनाथ, महेश शर्मा, मोहित गर्ग, धीरज शाह और पवन सहित अन्य गणमान्य लोगों ने आहुतियां अर्पित कर पूर्णाहुति दी। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। समापन अवसर पर सिंदूरदान की रस्म के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं की मौजूदगी में विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे और भक्तों ने श्रद्धा के साथ माता रानी को विदाई दी। निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार खुंजा नहर में प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष मां दुर्गा के पुनः आगमन की कामना की। आयोजन समिति के अध्यक्ष अजीत मंडल ने बताया कि छह दिवसीय महोत्सव में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना है। उन्होंने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं और कमेटी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। महोत्सव के सफल आयोजन में कमेटी संरक्षक राजकुमार गर्ग, उद्योगपति हरीश दफ्तरी, अध्यक्ष अजीत मंडल, विवरण प्रभारी एवं महासचिव महेश शर्मा, उपाध्यक्ष विनोद मित्तल और सुमित गर्ग, व्यवस्था प्रभारी धीरज शाह, कोषाध्यक्ष मोहित गर्ग, प्रचार मंत्री सुग्रोतो बर्मण, प्रचार सहायक पवन कुमार, अजय गर्ग तथा पात्र स्वप्न वसु सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
