डीजे की धुन पर नाचते-गाते निकले श्रद्धालु, गंगानगर रोड स्थित नहर में किया प्रतिमा विसर्जन; नम आंखों से दी माता रानी को विदाई


हनुमानगढ़। टाउन की मिथिला कॉलोनी स्थित मिथिला हनुमान मंदिर में श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित 21वें दुर्गा पूजा महोत्सव का बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ विसर्जन यात्रा निकाली। डीजे की धुन पर नाचते-गाते भक्त मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। बाजार से होकर गुजरी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में माता रानी के प्रति विशेष आस्था और उत्साह देखने को मिला। यात्रा के समापन पर श्रद्धालु मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित गंगानगर रोड की नहर पर पहुंचे। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रतिमा का विसर्जन किया गया। भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की कामना की। गौरतलब है कि मिथिला कॉलोनी और बरकत कॉलोनी स्थित मिथिला हनुमान मंदिर में 10 से 20 अक्टूबर तक 21वां दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में मां दुर्गा का भव्य दरबार सजाया गया तथा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महोत्सव के अंतिम दिन हवन-यज्ञ, कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। रात्रि में आयोजित जागरण में भजन-कीर्तन के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया गया। समिति अध्यक्ष बलदेव दास और प्रवक्ता रिंकू मिश्रा ने बताया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को बढ़ावा देना था। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। महोत्सव के सफल आयोजन में समिति संरक्षक अशोक गौतम, प्रमोद यादव, देवकीनंदन चौधरी, अध्यक्ष बलदेव दास, सचिव दिलखुश मंडल, सहसचिव सुरेश दास, कोषाध्यक्ष शिवचंद यादव, सहकोषाध्यक्ष कमलेश यादव, उपप्रधान धर्मेंद्र दास, प्रवक्ता रिंकू मिश्रा, सहप्रवक्ता अमित मिश्रा, श्याम दास, पंडित मुरारी लाल शास्त्री, अमरजीत चौधरी, जयप्रकाश, कुलदीप, पप्पू यादव, मंटू राय, श्याम चौधरी, पंडाल प्रभारी संदीप महंतो, विकास रंगीला, नीता मिश्रा, जयंती मिश्रा, पिंकी, पूजा प्रियदर्शिनी, जया भारती, प्रतिभा झा, श्वेता कर्ण और सुरेश सोनी सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा। प्रतिमा विसर्जन के साथ ही महोत्सव का विधिवत समापन हो गया।
