पार्षद गुरदीप सिंह चहल के बयान पर वार्डवासियों ने जताई नाराजगी, चहल ने कहा—मेरा जीवन जनसेवा को समर्पित, नई कॉलोनियों में टिप्पर व्यवस्था के लिए कई बार की अधिकारियों से चर्चा

हनुमानगढ़। हेवन सिटी कॉलोनी में टिप्पर की मांग को लेकर पार्षद गुरदीप सिंह चहल के अखबार में प्रकाशित बयान के बाद वार्डवासियों ने नाराजगी जताई है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि टिप्पर की मांग किसी एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि समस्त वार्डवासियों ने मिलकर चेयरमैन के समक्ष रखी थी। उनका कहना है कि कॉलोनी में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाई गई थी। ऐसे में इस मांग को किसी एक व्यक्ति से जोड़कर प्रस्तुत करना उचित नहीं है। वार्डवासी साहबराम ने कहा कि कॉलोनी में टिप्पर चालू करवाने के लिए किससे और किस माध्यम से मांग की गई थी, इसकी जानकारी सभी कॉलोनीवासियों को है। वार्ड के लोग अपनी समस्याओं को लेकर जागरूक हैं और जरूरत पड़ने पर जनप्रतिनिधियों व संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात स्वयं रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास से जुड़े मुद्दों में सभी की भागीदारी है, इसलिए किसी एक व्यक्ति को इसका श्रेय देना सही नहीं है। वार्डवासियों ने करीब दो-तीन महीने पहले कॉलोनी में पानी निकासी को लेकर हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए सवाल उठाए। वार्डवासी अमरचंद ने कहा कि उस समय पानी निकासी के मुद्दे पर मीडिया को बुलाकर निकासी बंद करवाने की धमकी देने की बात सामने आई थी। उन्होंने सवाल किया कि यदि कॉलोनीवासियों की समस्याओं की इतनी चिंता थी, तो उस समय पानी निकासी की समस्या का समाधान प्राथमिकता से क्यों नहीं किया गया? उनका कहना है कि पानी की निकासी कॉलोनी की मूलभूत आवश्यकता है और इसका स्थायी समाधान होना चाहिए। वार्डवासियों ने कहा कि जब भी उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर चेयरमैन के समक्ष बात रखनी होती है, तो वे स्वयं संपर्क कर अपनी मांग प्रस्तुत करते हैं। उनका कहना है कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सभी लोगों की सामूहिक भूमिका को महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी व्यक्ति से व्यक्तिगत विरोध नहीं है, बल्कि उनकी प्राथमिकता कॉलोनी का विकास, सफाई व्यवस्था में सुधार और पानी निकासी जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान करवाना है।
पार्षद गुरदीप चहल ने भी रखा अपना पक्ष
वहीं, पार्षद गुरदीप सिंह चहल ने कहा कि उनका किसी से न विरोध था, न है और न रहेगा। उनका जीवन जनसेवा को समर्पित है, जो सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि नई कॉलोनियों में ऑटो टिप्पर की व्यवस्था करवाने को लेकर उन्होंने अधिकारियों से कई बार चर्चा की है। इसके बावजूद चुने हुए प्रत्याशी को नहीं बुलाया जाना प्रशासन के भेदभावपूर्ण रवैये को दर्शाता है। चहल ने पानी निकासी की समस्या पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि इसमें तकनीकी गलती कॉलोनाइजर की है, निवासियों की नहीं। इस संबंध में तत्कालीन आयुक्त सुरेंद्र यादव से समाधान को लेकर चर्चा भी हुई थी। उन्होंने कहा कि उनकी निस्वार्थ जनसेवा निरंतर जारी है और वे 24 घंटे आमजन की सहायता के लिए उपलब्ध हैं। वार्डवासियों ने दोहराया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति का विरोध करना नहीं, बल्कि कॉलोनी की समस्याओं का समाधान करवाना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि व्यक्तिगत श्रेय लेने के बजाय वार्ड के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम किया जाए। इस दौरान साहब राम, अमरचंद, रमेश नरूला, केवल जाखड़, राजेंद्र शर्मा, रामजीलाल, प्रशांत शर्मा, सुरेंद्र, सुशील सहित अन्य वार्डवासी मौजूद रहे।
