ट्रांसफार्मर-पोल शिफ्ट करने, जर्जर खंभे बदलने और लटकते तार हटाने की मांग; विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की अपील

हनुमानगढ़। नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 में बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर पार्षद मनप्रीत सिंह सैनी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने 22 अक्टूबर को विद्युत विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विद्युत ट्रांसफार्मर और खंभों को उचित स्थान पर स्थानांतरित करने, जर्जर एवं क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने तथा खंभों पर लटक रहे पुराने और अनुपयोगी तारों को हटाने की मांग की गई। वार्डवासियों का कहना है कि इन समस्याओं के कारण आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है और लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है। ज्ञापन में बताया गया कि डॉ. विजय के घर और शिव परिवार ड्राईक्लीन के बीच विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित है। इसके साथ लगे दो विद्युत खंभों को भी राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 2 के पास किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करवाने की मांग की गई। इसके अलावा राजू ज्वैलर्स के सामने शनि मंदिर वाली गली के प्रवेश द्वार पर लगा विद्युत पोल रास्ते के बीच में होने के कारण लोगों और वाहनों की आवाजाही में परेशानी पैदा कर रहा है। वार्डवासियों ने इस पोल को पीछे उचित स्थान पर लगाने की मांग उठाई, ताकि रास्ते से आवागमन सुचारू हो सके।
लटकते तारों से हादसों का खतरा
वार्डवासियों ने विद्युत खंभों पर लटक रहे पुराने और अनुपयोगी तारों की समस्या को गंभीर बताते हुए उन्हें हटाने की मांग की। उनका कहना है कि पुराने कनेक्शन हटाने और मीटर बदलने के दौरान कई तारों को खंभों से नहीं हटाया गया। इसके कारण ये तार अब भी विभिन्न स्थानों पर लटक रहे हैं, जिससे राहगीरों और पशुओं की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। ज्ञापन में दावा किया गया कि इन तारों के कारण दो बार पशुओं की मृत्यु की घटनाएं भी हो चुकी हैं। वार्डवासियों के अनुसार, इस समस्या से बिजली बिल वितरित करने वाले कर्मचारियों को मौखिक रूप से अवगत करवाया गया था, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने विभाग से सभी अनुपयोगी तारों को हटाकर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने की मांग की।
जर्जर खंभे बदलने और मौके का निरीक्षण करवाने की मांग
ज्ञापन में वार्ड के विभिन्न हिस्सों में लगे पुराने और जर्जर विद्युत खंभों का मुद्दा भी उठाया गया। वार्डवासियों ने बताया कि कुछ खंभों में दरारें आ चुकी हैं, जबकि कुछ खंभे टूटे और क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं। ऐसे में तेज हवा या अन्य परिस्थितियों के दौरान दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा ऐसे अतिरिक्त खंभों को हटाने की मांग भी की गई, जिनकी अब आवश्यकता नहीं है। पार्षद मनप्रीत सिंह सैनी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने विद्युत विभाग से संबंधित स्थानों का मौका निरीक्षण करवाकर आवश्यक तकनीकी कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और किसी संभावित हादसे से बचाव किया जा सके।
