
चैत्र मास की पूर्णिमा के मौके पर भगवान श्री राम के अनन्य भक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव मंगलवार को शहरभर में श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने राम भक्त हनुमान की पूजा-अर्चना कर उनसे आशीर्वाद ग्रहण किया। जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्री हनुमान जयंती के मौके पर विशेष पूजन व सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। टाउन में जंक्शन रोड स्थित श्री इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में पंडित अतुल कुमार पाण्डे के सानिध्य में अभिषेक व हवन कार्यक्रम हुआ। रात्रि आठ बजे से दस बजे तक सुन्दरकाण्ड का पाठ होगा। पूरा दिन मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। श्री हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में मंदिर की आकर्षक सजावट की गई। जंक्क़शन की ड्रीमलैंड कॉलोनी स्थित जय हनुमान मंदिर में भी श्री हनुमान जयंती पर कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर नौ कुण्डिय गायत्री यज्ञ करवाया गया।
