
हनुमानगढ़। उपखण्ड अधिकारी दिव्या चौधरी ने मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक ली। लोकसभा चुनाव के बाद हुई पहली बैठक में प्राथमिकता के अनुसार राजस्थान सम्पर्क के बकाया प्रकरणों के निस्तारण पर चर्चा की गई। एसडीएम दिव्या चौधरी ने सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि रूटीन के काम जिससे सामान्य जनता प्रभावित होती है, वह समयबद्ध रूप से निपटाए जाएं। एसडीएम ने पुलिस उप अधीक्षक व थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि पेंडिंग प्रकरणों के संबंध में उनकी समय पर रिपोर्ट आ जाए। उन्होंने कहा कि कुछ एक केस में तामिल की पेंडेंसी रहती है, चूंकि वो हर सातवें दिन रिव्यू किया करेंगे, उम्मीद करते हैं कि हर सात दिन बाद इस आशय की तामिली करवा दें। इसके अलावा नायब तहसीलदार के साथ म्यूटेशन पेंडेंसी, विभाजन प्रस्ताव की पेंडेसी के संबंध में विस्तार से चर्चा की। एसडीएम ने कहा कि सामान्य किसान के लिए रास्ते के प्रकरण बहुत महत्वपूर्ण होते हैं, उनको सात दिन में निस्तारित कर रिपोर्ट पेश करें। एसडीएम ने मौसमी बीमारियों व आगामी दिनों में लू के प्रकोप को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पानी एकत्रित रहता है वहां दवा का छिडक़ाव किया जाए। एसडीएम ने कहा कि बीसीएमओ के जरिए यह प्रयास किया जा रहा है कि मौसमी बीमारियों के संबंध में लोग जागरूकता के लिए कैंपेन चलाएं। क्योंकि सभी पीएचसीसीए चसी पर इसके संबंध में जागरूकता का कार्य किया जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि वर्तमान में नहरबंदी का कार्य चल रहा है। नहरबंदी के दौरान पेयजल की शहर में कोई समस्या न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए पीएचईडी के एईएन को पाबंद किया। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक कहीं से पेयजल समस्या की बात सामने नहीं आई है और डिग्गियां पूर्ण रूप से भरी हुई हैं। साथ ही ट्यूबवैल का काम भी चल रहा है। रनिंग पेंशन के अप्रूवल के लिए भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी की ओर से करवाए जाने वाले विकास कार्यां को समयबद्ध रूप से करवाने के लिए अधिकारियों को पाबंद किया।
