श्रीगंगानगर। सेठ जी.एल. बिहाणी एसडी विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर केंद्रीय कारागृह का अवलोकन कर कैदियों की वास्तविक स्थिति को जाना और उन्हें उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने कारागृह में कैदियों को उपलब्ध करवाए जा रहे भोजन, जेल में लाइब्रेरी, चिकित्सा व्यवस्था ,परिजनों से मिलने की व्यवस्था एवं दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी प्राप्त की। राज्य सरकार द्वारा कैदियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में भी कैदियों से बातचीत की। जेल प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को जेल की संपूर्ण कार्य प्रणाली से अवगत करवाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्रोफेसर डॉ. आत्माराम सिहाग, डॉ. रोशनी लीला, डॉ. बालकृष्ण चावला और डॉ. धर्मवीर सिंह भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।
