हनुमानगढ़. प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद अब नहर अध्यक्षों के चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। इससे गांवों में एक बार फिर से चुनावी माहौल गर्म होने के आसार हैं। जल संसाधन उत्तर संभाग हनुमानगढ़ कार्यालय के अधीन नहरों के जल उपयोक्ता संगम अध्यक्षों के चुनाव की तैयारी तेज कर दी गई है। उक्त कार्यालय के अधीन करीब 173 जल उपयोक्ता संगम अध्यक्षों के चुनाव करवाने को लेकर मतदाता सूची तैयार करने का काम प्रगति पर है। यह कार्य पूर्ण होने पर अधिसूचना जारी कर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। इस चुनाव में नहरी क्षेत्र के हजारों किसान अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। जानकारी के अनुसार इंदिरागांधी, भाखड़ा, सिद्धमुख नोहर, अमर सिंह ब्रांच, रासलाना वितरिका आदि के चुनाव होने जा रहे हैं। इसमें अनूपगढ़ शाखा प्रथम के विजयनगर के अधीन 61, छतरगढ़ के 09, भादरा में 48, नोहर में 12 तथा जल संसाधन खंड द्वितीय कार्यालय के फतेहगढ़ माइनर के अध्यक्ष के चुनाव करवाए जाएंगे। उक्त संभाग कार्यालय के अधीन कुल 930 जल उपयोक्ता संगम अध्यक्षों के चुनाव करवाने जाने थे। इसमें 757 में चुनाव हो चुके हैं। अब शेष 173 जल उपयोक्ता संगम अध्यक्षों के चुनाव को लेकर गांवों में कसरत शुरू कर दी गई है। इसके तहत मतदाता सूची तैयार की जा रही है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद गांवों में नहरी चुनाव की गतिविधियां तेज होगी। नहर अध्यक्षों के निर्वाचन के बाद उक्त नहरों का संचालन अध्यक्षों की निगरानी में किया जा सकेगा। अभी विभाग स्तर पर नहरों का संचालन किया जा रहा है। नहर अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद किसानों की पानी बारी बांधने, नहरों की सफाई आदि के कार्य नहर अध्यक्षों की निगरानी में हो सकेंगे। जल उपयोक्ता संगम अध्यक्षों के चुनाव के बाद नहर वितरिका अध्यक्षों के चुनाव करवाए जाएंगे।दो अध्यक्षों को हटाया जल संसाधन विभाग उत्तर संभाग हनुमानगढ़ के मुख्य अभियंता अमरजीत सिंह मेहरड़ा ने दो नहर अध्यक्षों को हटाने का निर्देश जारी किया है। इसमें हरिपुरा वितरिका वितरण समिति के अध्यक्ष निर्मल सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। इसके बाद निर्मल सिंह को पद से हटाने का निर्देश मुख्य अभियंता की ओर से जारी किया गया है। इसी तरह बीके 160 के अध्यक्ष मोहन लाल को नियमानुसार बारियां नहीं बांधने की शिकायत पर हटाया गया है। उच्च स्तर पर शिकायत होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने उक्त दोनों अध्यक्षों को हटाने को लेकर निर्देश जारी किया है।मांग के अनुसार पानी वर्तमान में रबी फसलों को मांग के अनुसार पानी देने का प्रयास जारी है। इंदिरागांधी, भाखड़ा नहर में किसानों की मांग के अनुसार रेग्यूलेशन तैयार कर इसे लागू किया गया है। आगे मावठ पर निर्भर करेगा कि बांधों में कितनी आवक होती है। इसके आधार पर जनवरी के अंतिम सप्ताह में आगे की रेग्यूलेशन की स्थिति साफ हो सकेगी। चालू रबी सीजन में जिले में पांच लाख हेक्टेयर से अधिक में फसलों की बिजाई हुई है।