
साइबर पुलिस थाना प्रभारी को स्थानांतरण पर दी समारोहपूर्वक विदाई
हनुमानगढ़। साइबर क्राइम पुलिस थाना प्रभारी डीएसपी अरुण शर्मा के स्थानांतरण पर शुक्रवार को थाना प्रांगण में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में थाना स्टाफ ने डीएसपी अरुण शर्मा को माला पहनाकर बुके भेंट किया। मूलत: सूरतगढ़ निवासी डीएसपी अरुण शर्मा का हनुमानगढ़ में करीब दो साल का कार्यकाल रहा। करीब एक साल तक उनके पास एससीएसटी डिप्टी एसपी का चार्ज भी रहा। डीएसपी अरुण शर्मा ने कहा कि स्थानांतरण स्वभाविक प्रक्रिया है। प्रशासनिक फेरबदल होता रहता है। पड़ोसी जिले के निवासी होने के कारण उन्हें हमेशा यही लगा कि वे अपने परिवार के बीच में हैं। उन्हें चार पुलिस अधीक्षक के साथ काम करने का सौभाग्य मिला। शर्मा ने कहा कि साइबर क्राइम का कोई चेहरा नहीं है। यह क्राइम लगातार बढ़ता जा रहा है। हमें जिस चीज के बारे में पता नहीं है हम उसके प्रति आकर्षित होते हैं। यही आकर्षण साइबर फ्रॉड का कारण बन जाता है। इसके लिए जागरूक होने की आवश्यकता है। अगर फ्रॉड होता है तो 1930 पर तुरंत कॉल करें। साइबर क्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पर शिकायत की जा सकती है। नजदीकी ई-मित्रा या थाना में जाकर भी शिकायत करवाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि करीब एक करोड़ रुपया पीडि़तों के खातों में ट्रांसफर करवाना उनकी जिले में कार्यकाल की सबसे बड़ी उप्लब्दी रही। जिले की टीम अच्छा काम कर रही है। उन्हें क्राइम के साथ अपटेड होने की आवश्यकता है।
