

हनुमानगढ़। होली के पावन अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल के निवास पर भव्य स्नेहमिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक, समाजसेवी, गणमान्य व्यक्तियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने विधायक गणेशराज बंसल को होली की शुभकामनाएं दीं और उत्साहपूर्वक रंगों का यह पर्व मनाया। विधायक गणेशराज बंसल ने समारोह में पहुंचे सभी आगंतुकों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया और सभी को स्नेहपूर्वक गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली सिर्फ रंगों का ही नहीं, बल्कि भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का पर्व है, जो समाज को एकजुट करता है। इस अवसर पर आमजन ने विधायक गणेशराज बंसल का विशेष रूप से सम्मान एवं अभिनंदन किया। क्षेत्रवासियों ने घग्घर नदी पर पुल के डोलों को पक्का करने और अन्य विकास कार्यों के लिए 352 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत करवाने पर उनका आभार जताया। नागरिकों ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें माला पहनाई और शुभकामनाएं दीं। विधायक गणेशराज बंसल ने इस ऐतिहासिक बजट स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह बजट हनुमानगढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने में मदद करेगा। समारोह के दौरान संगीत, लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों ने एक- दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाइयां दीं और मिठाइयां बांटी। समारोह के अंत में विधायक गणेशराज बंसल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि वे हनुमानगढ़ के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
