
हनुमानगढ़ । जिले भर के पुलिस थानों में इस बार होली की रंगत फीकी रही। बजट में पुलिसकर्मियों के लिए कोई घोषणा नहीं करने से खफा पुलिसकर्मियों ने इस बार थानों में होली नहीं मनाने का निर्णय लिया। इस तरह इस बार पुलिस थानों व पुलिस लाइन में होली की रंगत फीकी रही। शनिवार को पुलिस लाइन में पुलिस उप महानिरीक्षक- सह पुलिस अधीक्षक अरशद अली की अगुवाई में पुलिस अधिकारियों ने जमकर होली खेली। ढोलन गाड़ों के बीच होली गीतों पर पुलिस अधिकारी खूब झूमे। एक- दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की खुशियां बांटी। पुलिस के जवान पुलिस लाइन में अधिकारियों के लिए टैंट लगाकर तथा नाश्ते की व्यवस्था कर चले गए। डीआईजी अरशद अली ने बताया कि दो दिनों तक पुलिस जवानों ने अच्छी ड्यूटी दी। इसके कारण लोगों ने त्योहार खुशी ने मनाई।
