
हनुमानगढ़। वार्ड में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर सेटर 12, वार्ड नौ के वाशिंदों ने बुधवार को जिला कलटर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। कार्रवाई न होने पर वार्डवासियों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी। वार्डवासी अर्जुन विमल के अनुसार उनके वार्ड में पिछले कई माह से कुछ लोग नशे का कारोबार कर रहे हैं। लेकिन नशा कारोबारियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की ओर से आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि वार्ड में जिस जगह नशे का कारोबार हो रहा है उसके पास ही शिक्षा का मंदिर है। कई कोचिंग संस्थाएं भी हैं। यहां से बच्चों का आना-जाना रहता है। उन पर भी गलत असर पड़ रहा है। महिलाओं, युवतियों व किशोरियों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। नशा करने वाले लोगों का वार्ड में आना-जाना रहता है। उन्होंने मांग की कि नशा बेचने वालों के तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए। अगर सुनवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में वार्डवासियों को साथ लेकर धरनाप्रदर्शन किया जाएगा।
