
हनुमानगढ़। उपार्जित अवकाश व यात्रा भत्ता का भुगतान करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मंगलवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ के बैनर तले जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में धरना देकर प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों की डिस्कॉम अधिकारियों के साथ वार्ता हुई। वार्ता में अधिकतर मांगों पर सहमति बन गई। जोधपुर विद्युत वितरण श्रमिक संघ जिलाध्यक्ष संदीप सिरावता ने बताया कि 10 मार्च 2025 को डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था लेकिन उन मांगों पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के उपार्जित अवकाश का 50 लाख रुपए का बजट पेंडिंग बताया जा रहा था। इसमें से 20 लाख रुपए का भुगतान हो गया था। आज प्रदर्शन के दौरान उपार्जित अवकाश का 20 लाख रुपए का और भुगतान हुआ है। अब 10 लाख रुपए का भुगतान होना शेष है। अधीक्षण अभियंता ने मार्च माह के अंत या अप्रेल माह के प्रथम सप्ताह तक बकाया 10 लाख रुपए का भुगतान होने के लिए आश्वस्त किया है। वहीं उपार्जित अवकाश का भुगतान होने के बाद यात्रा भत्ता का भुगतान किए जाने का आश्वासन मिला है। उन्होंने बताया कि सपोर्ट बिलिंग का कार्य चल रहा है। इसमें किसी को कम खाते दिए जा रहे हैं और किसी को ज्यादा उपभोक्ताओं की रीडिंग लानी पड़ रही है। इस कार्य में भेदभाव हो रहा है। इस समस्या के समाधान का भी आश्वासन एसई ने दिया है। उन्होंने बताया कि जीएसएस ठेके पर दिए गए हैं। जीएसएस पर कर्मचारियों की संख्या कम रखी जा रही है। जीएसएस पर एक-एक कर्मचारी 24-24 घंटे ड्यूटी कर रहा है। इससे हादसा होने की आशंका बढ़ी है। हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज होने वाली शिकायतें भी दूर करने के कार्य में अनियमितता बरती जा रही है। इस अनियमितता को दूर करने का आश्वासन एसई ने दिया है। वहीं एसई एसआर चारण के अनुसार कर्मचारियों की समस्याओं का यथावत शीघ्र समाधान करवाने की कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर कृष्ण तायल, राजेन्द्र सीकर आदि मौजूद रहे।
