

हनुमानगढ़ । जंक्सन स्थित लिटिल लावर कॉन्वेंट स्कूल में मंगलवार को ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में नन्हे मुन्ने बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में फादर सीरिल विल्सन मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रिंसिपल फादर शिबिन अगस्टीन ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात विद्यालय के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य, समूह गान और लघु नाटिका शामिल थे। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और सभी ने बच्चों की प्रतिभा को सराहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण यूकेजी के विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन गाउन और प्रमाण-पत्र प्रदान करना रहा। विद्यालय प्रशासन ने प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने वाले सभी बच्चों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। जब नन्हे छात्र गाउन पहनकर प्रमाण पत्र लेते हुए मंच पर आए, तो वहां उपस्थित अभिभावक और शिक्षक गर्व से अभिभूत हो उठे। मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें मंच पर आने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चों को इस तरह का भव्य अनुभव देना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने अभिभावकों को भी संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी आगे बढऩे के लिए प्रेरित करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि फादर सीरिल विल्सन ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव होती है और इस स्तर पर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना बहुत जरूरी है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत की सराहना की और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रिंसिपल फादर शिबिन अगस्टीन ने कहा कि लिटिल फलावर कॉन्वेंट स्कूल हमेशा अपने छात्रों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देता है। उन्होंने बताया कि इस सेरेमनी का उद्देश्य न केवल बच्चों को संस्कार और शिक्षा देना है, बल्कि उन्हें मंच पर प्रदर्शन करने की हिम्मत भी देना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों ने भी विद्यालय द्वारा आयोजित इस भव्य सेरेमनी की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए इतनी छोटी उम्र में ग्रेजुएशन सेरेमनी आयोजित करना न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि उनके अंदर सकारात्मक ऊर्जा भी भरता है।
