
हनुमानगढ़ | जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विश्व जल दिवस पर नगरपरिषद के समन्वय से जागरूकता शिविर लगाया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता की प्रक्रिया में पानी एक अहम भूमिका निभाता है, क्योंकि यह न केवल साफ-सफाई के लिए आवश्यक है, बल्कि यह हमारे जीवन के स्वास्थ्य और पोषण के लिए भी अत्यंत जरूरी है। उन्होंने पानी के महत्व पर प्रकाश डाला और उसे बचाने के लिए जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पानी हमारे जीवन का आधार है और इसके बिना कोई भी जीवित नहीं रह सकता।
सफाई कर्मियों को यह समझाया गया कि पानी का संरक्षण न केवल हमारे स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह पर्यावरण की संतुलन बनाए रखने में भी मदद करता है। वक्ताओं ने जल स्रोतों की रक्षा और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग पर ध्यान केंद्रित करते हुए समाज को इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर प्राधिकरण अध्यक्ष तनवीर चौधरी, सचिव शिवचरण मीना, डिप्टी चीफ लीगल एड हरीश जोशी, पीएलवी आकाश, विनोद कण्डा, स्वच्छता इंचार्ज सन्नी आदि मौजूद थे।
