
हनुमानगढ़ । मुख्यमंत्री ने किया हनुमानगढ़ की भानुप्रिया से संवाद राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को किसान सम्मेलन एवं एफपीओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर से वीसी के जरिए जुडक़र संबोधित किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम जंक्शन स्थित सिविल लाइन सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया। किसान सम्मेलन एवं कृषक उत्पादक संगठन कार्यक्रम में सफल एफपीओ पर लघु फिल्म प्रदर्शन, एफपीओ संबंधित योजनाओं की मार्गदर्शिका का विमोचन, पीएमएफएमई योजना के तहत एफपीओ को अनुदान वितरण, एफपीओ को शेयर मनी व मैनेजमेंट फीस का प्रतीकात्मक वितरण, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा विभिन्न दिशा-निर्देश, मुख्यमंत्री थार सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम की मार्गदर्शिका का विमोचन, पीएम किसान सम्मान निधि की राशि में वृद्धि के निर्देश, मंगला पशु बीमा योजना के तहत लाभान्वितों का दायरा बढ़ाकर दोगुना करने के निर्देश, पशुधन निशुल्क आरोग्य योजना के अंतर्गत उपलब्ध करवाई जा रही औषधियों एवं टीकों की संख्या बढ़ाकर 200 किए जाने के दिशानिर्देश जारी किए गए। इसके साथ ही, 30 हजार कृषकों को 137 करोड़ रुपये का अनुदान वितरित किया गया। कृषि वैज्ञानिक बनना चाहती हैं भानुप्रिया, सीएम ने दी शुभकामनाएं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हनुमानगढ़ के टिब्बी ब्लॉक के 4 केएसपी की निवासी सुश्री भानुप्रिया से संवाद किया। सुश्री भानुप्रिया कृषि संकाय में 12वीं की छात्रा हैं, जिन्हें इस वर्ष 15 हजार रुपये की छात्रवृति प्रदान की गई है।मुख्यमंत्री ने भानुप्रिया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा किसान कैसे आगे बढ़ सकता है, किसान परिवार को सबसे अधिक कैसे लाभ पहुंचा सकते हैं, इस पर राज्य सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भानुप्रिया ने अपने पिता की मेहनत देखी है कि कैसे किसान दिन-रात परिश्रम करता है। भानुप्रिया ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए भविष्य में कृषि वैज्ञानिक बनकर किसानों के हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जाहिर की। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर काना राम, पूर्व विधायक गुरदीप शाहपीनी, जनप्रतिनिधि प्रमोद डेलू, कैलाश मेघवाल, विकास गुप्ता, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, कृषि अतिरिक्त आयुक्त गोपाल लाल,कृषि संयुक्त निदेशक प्रमोद यादव, उद्यान उपनिदेशक
डॉ. रमेश चंद्र बराला, आत्मा परियोजना निदेशक डॉ. सुभाष चंद्र डूडी, पशुपालन संयुक्त निदेशक डॉ. हरीश गुप्ता उपस्थित रहे। आज अंत्योदय कल्याण समारोह गुरुवार को प्रात: 11.30 बजे हनुमानगढ़ जंक्शन के सिविल लाइन स्थित सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय अंत्योदय कल्याण समारोह का आयोजन होगा। राज्य स्तरीय समारोह भरतपुर में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में निर्माण श्रमिकों को डीबीटी, डेयरी बूथ आवंटन, स्वामित्व योजना के तहत पट्टा वितरण एवं विद्युत चालित चाक का वितरण सहित विभिन्न सौगातें दी जाएंगी। साथ ही, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। 31 मार्च तक होंगे ये कार्यक्रम जिला कलेक्टर ने बताया कि राजस्थान दिवस समारोह पर 28 मार्च को ‘सुशासन समारोह’ का आयोजन भी जंक्शन स्थित सिविल लाइन सामुदायिक भवन में होगा। वहीं, 29 मार्च को ‘युवा एवं रोजगार उत्सव’ का आयोजन जंक्शन के राजीव गांधी स्टेडियम में होगा, जिसमें मानस जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय ‘कवि सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम’ 30 मार्च (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) को टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में एवं जिला स्तरीय ‘निवेश उत्सव’ 31 मार्च को जंक्शन में आयोजित किया जाएगा।
…
