
श्री गंगानगर । स्थानीय नई धानमंडी में एक फर्म मालिक भाजपा नेता पर 6 बीघा काश्त करने वाले किसान से आढ़त के रूप में दिए 2 लाख रुपए पर अवैध रूप से ब्याज व आढ़त लगाकर 23 लाख 50 हजार रुपए मांगने, झूठा इकरारनामा लिखवाने, बैंक पासबुक, हस्ताक्षरित खाली चैक बुक, स्टाम्प आदि के माध्यम से ब्लैकमेल करने व ज़मीन हड़पने का षडयंत्र रचने आदि मामलों में मुकदमा दर्ज करने की मांग को पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल, किसान आर्मी के संयोजक मनिंद्रसिंह मान, कॉमरेड रविंद्र तरखान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे । पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल ने कहा कि छोटे छोटे किसानों को अपनी चुंगल में फंसा कर कुछ लोग उनकी बेशकीमती जमीनों को हड़पने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि किसान ओमप्रकाश गोदारा को न्याय नहीं मिला तो हम किसानों का मोर्चा खोलेंगे।किसान आर्मी के संयोजक मनिंद्रसिंह मान व कॉमरेड रविंद्र तरखान ने कहा कि किसान से किसी भी प्रकार की लूट को स्वीकार नहीं किया जाएगा। चाहे बैंक लूट करे चाहे सूदखोर व्यापारी। हम लड़ेंगे और आगे रणनीति जल्द ही तैयार की जाएगी। यह है मामला: घमूडवाली नजदीक चक 1 पीपी निवासी ओमप्रकाश गोदारा जो वर्तमान में लकवाग्रस्त है।वह बोलने व चलने में असमर्थ है।उबने अपने भाई राकेश के साथ मिलकर 2 लाख रुपए भाजपा नेता राजेंद्रकुमार की आढ़त की दुकान से लिए थे। सितम्बर 2020 में यह रुपए ब्याज व आढ़त के माध्यम से 4 लाख तक पहुंच गए। 2021 में ओमप्रकाश को लकवा हो गया। मार्च 2023 में राजेंद्रकुमार ने एक इकरारनामा लिखवाया, जिसमें आगामी वर्षों का ब्याज जोडक़र 9 लाख रुपए किसान से लेनदारी बताई।फिर 2 बीघा कृषि भूमि का बेचने का इकरारनामा लिखवा लिया। दो भाइयों की कुल 6 बीघा में से ओमप्रकाश ने 2 बीघा जमीन अन्यत्र बेच दी व राजेंद्र कुमार को 9 लाख रुपए देने चाहे तो राजेंद्र कुमार ने अब कर्ज 23 लाख 50 हजार रुपए की बात कही।दो माह से अधिक समय तक ओमप्रकाश अपने 9 लाख रुपए लेने व इकरारनामा वापिस करने की मांग करता रहा लेकिन राजेंद्र कुमार ने मानने से इनकार कर दिया। तत्पश्चात परेशान किसान ओमप्रकाश ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय आकर अपनी पीड़ा रखी। ओमप्रकाश गोदारा का कहना है कि यूनियन बैंक शाखा श्रीगंगानगर की पासबुक, खाली हस्ताक्षरित चेकबुक व स्टाम्प उसके कब्जे में है, जिसके जरिए वह मुझे ब्लैकमेल कर रहा है। स्प्रे पीने वाले किसान से मिले किसान नेता: उधर, बींझबायला के ही एक किसान द्वारा ट्रेक्टर पर लोन में महज एक किश्त बकाया होने के बावजूद बैंक द्वारा परेशान करने के बाद खरपतवारनाशी दवाई का सेवन गत 24 मार्च को कर लिया गया। सरकारी अस्पताल के वार्ड संख्या 5 में भर्ती किसान की हालत बेहद नाजुक है। किसान की सुध लेने मनिंद्रसिंह मान, कॉमरेड रविंद्रसिंह तरखान औल राणा सोढ़ी आदि किसान नेता पहुंचें। परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली।
