प्रभारी मंत्री से लगाई जीवन-यापन के साधन को बचाने की गुहार

हनुमानगढ़ । टाउन की सब्जी मण्डी के खोखाधारकों ने गुरुवार को प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा से जंक्शन सिविल लाइन स्थित सामुदायिक भवन में राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए जिला स्तरीय अंत्योदय कल्याण समारोह के बाद मुलाकात कर खोखाधारकों को सब्जी मण्डी से न हटाए जाने की मांग के संबंध में ज्ञापन सौंपा। हालांकि ज्ञापन सौंपने के लिए खोखाधारकों को तीन घंटे तक का इन्तजार करना पड़ा। इससे नाराज खोखाधारक कार्यक्रम स्थल के बाहर सांकेतिक धरने पर बैठ गए। खोखाधारकों ने बताया कि वे टाउन पुलिस थाना के सामने स्थित सब्जी मण्डी में सब्जी का खोखा लगाकर व्यापार करते हैं। 70 खोखाधारक करीब 50 वर्षों से यहां पर काबिज हैं। वे उक्त जगह पर हनुमानगढ़ के बसने के साथ ही यहां पर अपना सब्जी बेचने इत्यादि का कार्य कर अपने परिवार का गुजरबसर कर रहे हैं। उक्त जगह पर बिजली-पानी का कनेक्शन भी उनके नाम से चल रहा है। अब नगर परिषद की ओर से खोखाधारकों को इस जगह से उठाने का निर्णय लिया गया है। इस संबध में खोखाधारकों की ओर से नगर परिषद अधिकारियों को प्रार्थनापत्र प्रदान किए गए परन्तु उन पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। कई बार जिला कलेक्टर, एसडीएम व नगर परिषद आयुक्त को शिकायत की गई लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। खोखाधारकों ने बताया कि उक्त जगह पर नगरपरिषद की ओर से अपनी सीमा में रैलिंग भी लगाई गई थी। खोखाधारक उसका पालन भी कर रहे हैं। यह भूमि नूजल सम्पति है। नगर परिषद अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर खोखे हटाने के लिए उन्हें धमकाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि खोखाधारकों को यथावत रखे जाने के निर्देश नगर परिषद को दिए जाएं ताकि खोखाधारक अपने जीवनयापन के साधन को बचा सकें। इस मौके पर साहिल, इन्द्र कुमार, श्योकत अली, दौलतराम, पवन, मुकेश, जगननाथ, अशोक, महेश, अजय, प्रेम कुमार, सेवकराम सहित कई अन्य खोखाधारक मौजूद रहे।
