सपा सांसद रामजीलाल के खिलाफ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

हनुमानगढ़ में हिंदू समाज ने समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल के खिलाफ जिला कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सांसद ने संसद में राणा सांगा को गद्दार और हिंदुओं को गद्दार की औलाद कहा था।
एडवोकेट प्रताप सिंह शेखावत ने बताया कि 21 मार्च को सांसद रामजीलाल ने संसद में यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राणा सांगा एक महान योद्धा थे। उन्होंने 80 घाव लगने, एक हाथ कटने और आंख में चोट लगने के बाद भी मोहम्मद इब्राहिम लोदी को 18 बार युद्ध में हराया था।
प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उनकी मांग है कि सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शेखावत ने कहा कि सांसद की टिप्पणी से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पूरे भारत में इस टिप्पणी का विरोध हो रहा है।
हिंदू समाज ने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन और हाईवे जाम जैसे आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में रिंकू शर्मा, कुलदीप सिंह, मोहित राठौड़, रजत, करणी सिंह, सतीश, अमन और उदय सिंह समेत कई लोग शामिल थे।
