
हनुमानगढ़। स्थानीय सब्जी मंडी में कार्यरत पल्लेदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए सब्जी मंडी पल्लेदार यूनियन का गठन किया गया। इस यूनियन के गठन में युवा नेता देवेन्द्र शाक्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शनिवार को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से रविंद्र ठाकुर को अध्यक्ष, संजू को उपाध्यक्ष तथा अंशु को कोषाध्यक्ष चुना गया। बैठक की अध्यक्षता युवा नेता देवेन्द्र शाक्य ने की, जिसमें बड़ी संख्या में पल्लेदार उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि यूनियन मजदूरों के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए काम करेगी। इसमें पूरा काम, पूरा आराम के सिद्धांत को अपनाते हुए मजदूरों को हर माह दो अवकाश देने का निर्णय लिया गया। यूनियन के गठन को लेकर पल्लेदारों में खासा उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से मजदूर वर्ग की यह मांग थी कि उन्हें भी नियमित अवकाश मिले, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें। देवेन्द्र शाक्य के प्रयासों से यह मांग पूरी हुई और संगठन का गठन संभव हो पाया।
यूनियन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रविंद्र ठाकुर ने कहा कि वे पल्लेदारों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उपाध्यक्ष संजू ने भी मजदूरों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। कोषाध्यक्ष अंशु ने संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए सभी पल्लेदारों से सहयोग करने की अपील की। युवा नेता देवेन्द्र शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि पल्लेदार मजदूर मंडी का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी बेहतरी के लिए कार्य करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पल्लेदारों से एकजुट रहने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। यूनियन के गठन से पल्लेदारों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और वे भविष्य में अपने अधिकारों के प्रति और अधिक जागरूक रहेंगे। इस मौके पर बृजेश कुमार, दीपू, दिनेश, हिमांशु, करण, रामकिशोर, पंकज सोनू मोहित नीतू बबलू नीलू गोपाल, महादेव ननकानी, मीका सिंह, अरुण शाक्य, राकेश सैनी, विकी अरोड़ा, रिंकू छाबड़ा, लड्डू छाबड़ा, संदीप कुक्कड़, लाल सिंह, नंदकिशोर व अन्य पल्लेदार व आढतिये मौजूद थे।
