
हनुमानगढ़। पोषण अभियान के तहत शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इस अवसर पर महिला पर्यवेक्षक अरविंदर पाल कौर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही दुर्गा देवी, शांति देवी, शकुंतला, रंजना, अनीता कुमारी, राजकुमारी, भतेरी, शकुंतला, रुखसाना और नीलम को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यशाला के दौरान पोषण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। एक क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वालों को आयोजकों द्वारा सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे उनमें और अधिक उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षक कमलजीत कौर और सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने पोषण अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह अभियान कुपोषण को खत्म करने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करता है। इसके तहत गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के उचित पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। सीडीपीओ सुनीता शर्मा, महिला पर्यवेक्षक कमलजीत कौर, रजनी, जगदीश कौर, संतोष खिचड़ और टीना सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पोषण से संबंधित विषयों पर चर्चा की और इसके महत्व को रेखांकित किया। कार्यशाला के समापन पर उपस्थित लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की शपथ दिलाई गई। आयोजन का मुख्य उद्देश्य पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना और समाज में इसके प्रति सकारात्मक परिवर्तन लाना था।
