
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी नगरमंडल हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश की नई उपलब्धियों, युवा शक्ति की भूमिका और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। कार्यक्रम सुनने के बाद मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर के नागरिकों को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करता है तथा युवाओं को राष्ट्र की उन्नति से जोड़ने का कार्य करता है। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नववर्ष का जश्न भी धूमधाम से मनाया। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का तिलक लगाकर एवं मिठाई बांटकर स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया और समाज को जागरूक करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के साथ अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सेवा, जनकल्याण और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया और इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रवीण सिंह परमार, केशव पाल, पुरुषोत्तम सोनी, नरेश पुरोहित, विशंभर प्रजापत, नितिन तिवाडी, प्रदीप बिस्सा, गोपाल शर्मा, राजकुमार चौधरी, धीरज जोशी, रजत तंवर, नरेंद्र शेखावत, अमीश गौतम, विजय गर्ग, रजत तंवर, महेश सेनी मौजूद थे।
