
हनुमानगढ़। वीमेन क्रिकेट लीग का शानदार शुभारंभ 6 अप्रैल, रविवार को हुआ, जिसमें पहला मुकाबला गंगानगर जायंट्स और जीआरजी इलेवन के बीच खेला गया। आयोजन समिति के चेयरमैन सुमित गोदारा, लीग के फाउंडर भैराराम, प्रेजिडेंट विक्रमजीत सिंह नंदा, स्पैंगल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर नितिन अग्रवाल और सौरभ दुहारिया ने मुख्य अतिथि विधायक श्रीगंगानगर एवं एडहॉक कमेटी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के कन्वीनर जयदीप बिहाणी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बिहाणी ने टॉस करवाकर इस लीग का शुभारंभ किया और खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने आयोजन समिति को अपनी शुभकामनाएं दीं और खिलाडिय़ों से कहा, ‘मैं आपको हमेशा आपके गार्जियन की तरह सपोर्ट करता रहूंगा।’ लीग के फाउंडर और क्रिकेटर भैराराम ने मुख्य अतिथि जयदीप बिहाणी जी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जयदीप हमेशा खिलाडिय़ों और खेल के पक्ष में रहे हैं। इस भव्य कार्यक्रम में टाइटल स्पॉन्सर की ओर से डॉ. रमेश गोदारा, डॉ. सुरेश गोदारा, किरण गोदारा और अजय नागर उपस्थित रहे। पावर्ड बाय स्पॉन्सर ‘चन्नाराम’ की ओर से अभिषेक अग्रवाल, कोमल अग्रवाल, डॉ. आदित्य अग्रवाल और डॉ. रश्मि अग्रवाल उपस्थित हुए। वेन्यू पार्टनर स्पैंगल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर नितिन अग्रवाल, आर.के. इलेक्ट्रोनिक से निश्चय जनवेजा, एफएम पार्टनर की ओर से वीर सिंह, आर.जे. याकूब, डिजिटल पार्टनर टेक कार्टेल से संदीप गहलोत, अरुण ग्रोवर और सौरभ दुहारिया, ब्रॉडकास्ट पार्टनर गौरव वर्मा सहित सभी टीम ओनर्स एवं आयोजन समिति के सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सोशल इंफ्लुएसर नितेश सोनी भी आयोजन में पहुँचे और खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि महिला खिलाडिय़ों को सहयोग और मार्गदर्शन देने के लिए वे इस लीग में आते रहेंगे। आयोजन समिति के चेयरमैन सुमित गोदारा ने बताया कि उनकी टीम की लगातार दिन-रात की मेहनत रंग ला रही है और वे दोगुने उत्साह से इस कार्य में लगे रहेंगे। पहला मुकाबला: पहला मुकाबला जीआरजी इलेवन और गंगानगर जायंट्स के बीच खेला गया, जिसमें जीआरजी इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवरों में 178/6 रन बनाए। रितिका शर्मा ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 40 गेंदों में 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए गंगानगर जायंट्स की टीम 20 ओवरों में 92/8 रन ही बना सकी। इस प्रकार जीआरजी इलेवन ने यह मुकाबला 86 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड रितिका शर्मा को, फील्डर ऑफ द मैच एलिस को और गेम चेंजर ऑफ द मैच साक्षी शर्मा (4 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट) को प्रदान किया गया। दूसरा मुकाबला: दूसरा मुकाबला डी जे फाइटर और के के नाईटराइडर्स के बीच खेला गया। इस मैच में मुख्य अतिथि समाजसेवी अशोक चांडक ने टॉस करवाया और खिलाडिय़ों को आशीर्वाद व शुभकामनाएं दीं। चांडक जी ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ‘आप अपनी मातापिता का नाम रोशन कर रही हैं, यह हमारे लिए गर्व की बात है।’ आयोजन समिति के प्रेजिडेंट एडवोकेट विक्रमजीत सिंह नंदा ने अशोक चांडक जी का आभार व्यक्त किया। के के नाईटराइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 136 रन बनाए। इसके जवाब में डी जे फाइटर ने 18 ओवरों में 3 विकेट खोकर 142 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड निधि को, फील्डर ऑफ द मैच निशु वर्मा को और गेम चेंजर ऑफ द मैच हरसिमरनजीत को दिया गया।
