
हनुमानगढ़ । भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जंक्शन स्थित सुरेशिया बूथ नंबर 74 पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय वार्डवासियों ने भाजपा जिंदाबाद के नारों से माहौल को जोश और उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं का उत्साह और भी बढ़ा दिया। इस अवसर पर निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक, मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर, पूर्व सभापति नागीना बाई, पूर्व सभापति कालूराम शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अश्विनी नारंग, पार्षद राजेंद्र चौधरी, सिंगाराम, रमजान, लड्डूराम, संजय सांसी, हेम सिंह, विकास शर्मा, प्रो. सुमन चावला, गुरदीप सिंह बब्बी, अशोक गौरी, रमेश कंडा, जगदीप सिंह विक्की सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने पार्टी की स्थापना से लेकर अब तक के गौरवशाली सफर का उल्लेख किया और बताया कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा और राष्ट्र प्रथम की नीति ने भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है। निवर्तमान सभापति सुमित रणवा ने कहा कि भाजपा सिर्फ एक पार्टी नहीं, बल्कि एक परिवार है, जो देश की सेवा और जनकल्याण के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे एकजुट होकर आगामी नगर परिषद चुनावों में भाजपा को विजयी बनाएं। मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर और पार्षद राजेंद्र चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीतिनीति और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रो. सुमन चावला ने अपने उद्बोधन में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को बढ़ाने पर जोर दिया और आगामी चुनाव में भाजपा को बहुमत दिलाकर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने और जनता तक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वार्डवासियों की भी अच्छी भागीदारी रही, जिससे आयोजन सफल और प्रभावशाली रहा।
