
हनुमानगढ़। जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र में गोलूवाला-कैंचियां मार्ग पर स्थित गांव सूरांवाली के बस अड्डे पर एक युवा सैलून संचालक की अज्ञात व्यक्तियों ने लाठियां और अन्य हथियारों से हत्या कर दी। दोपहर करीब 2 बजे हुई इस हत्या का तब पता चला जब कुछ देर पहले सैलून के पास अपना मोटरसाइकिल खड़ा करके गया एक व्यक्ति मोटरसाइकिल लेने के लिए आया। वह जाने से पहले सैलून में संचालक सुनील (27) निवासी सूरांवाली से मिलने चला गया। वह जैसे ही सैलून के अंदर गया सुनील एक कुर्सी पर रक्त रंजित हालत में पड़ा था। उसके सिर तथा शरीर पर काफी चोटें लगी हुई थीं। इस व्यक्ति ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाया। बताया जाता है कि तब सुनील के सांस चल रहे थे। लोग उसे तुरंत ही गोलूवाला के सरकारी अस्पताल में ले गए।इस बीच पुलिस सूचना पाकर सीधे पहले अस्पताल पहुंची। डाक्टरों ने चेकअप कर बताया कि सुनील की मौत हो गई है। सरेआम अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या करने की घटना का पता चलते ही थाना प्रभारी सब इस्पेक्टर राकेश सांखला दलबल सहित मौके पर पहुंचे। जिला मुयालय से डीएसपी मीनाक्षी सहारण भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की कई टीमें सैलून के आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक करने लगीं। पुलिस के मुताबिक कुछ ही दूरी पर एक स्टडी लाइब्रेरी के बाहर लगे कैमरों की फुटेज से पता चला कि मोटरसाइकिलों पर चार-पांच व्यक्ति लाठी-डंडे लिए हुए सैलून में गये थे और 5-6 मिनट बाद वापस चले गए। सीसी कैमरा दूर लगे होने के कारण इन व्यक्तियों के चेहरे ठीक से दिखाई नहीं दे रहे। मृतक सुनील अविवाहित था। उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। जिला मुख्यालय से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को सूरांवली भेजा। इस टीम द्वारा देर शाम तक कार्यवाही की गई।उधर पुलिस हत्या के कारण और हत्या का पता लगाने में जुटी हुई है। अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि हत्यारे कौन थे और उन्होंने किस से कारण हत्या की है। पुलिस सूत्रों ने बताया की हत्या करने आए अज्ञात व्यक्तियों को पता नहीं था कि सुनील का सैलून कौन सा है। पहले उन्होंने एक दुकान वाले तथा एक रेहडी वाले से सुनील के सैलून के बारे में पूछा। इसके बाद वे सैलून में गए। पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम की कार्यवाही कल की जाएगी। उल्लेखनीय है कि गोलूवाला थाना क्षेत्र में चार दिन में हत्या की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले चैक 5-एलकेएस रोही लाखासर में शुक्रवार-शनिवार की रात को कृषि भूमि के विवाद के चलते दो पक्षों में झगड़ा हो गया था, जिसमें एक पक्ष के साथ आए जैतसर थाना इलाके के एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस हत्याकांड के आरोपी अभी पकड़े नहीं जा सके, लेकिन सूत्रों ने बताया है कि वारदात में शामिल लोगों में से तीन को पुलिस ने फिलहाल पूछताछ करने के लिए पकड़ रखा है।
