
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला प्रभारी सचिव डॉ. नीरज के पवन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप फ्लैगशिप योजनाओं की प्राथमिकता से प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने कहा कि राज्य सरकार ने जनहित की अधिक महत्व वाली योजनाओं को फ्लैगशिप के रूप में चिह्नित कर प्राथमिकता पर रखा है, ताकि उनकी समय पर क्रियान्विति हो और आमजन को योजनाओं का त्वरित लाभ मिले।
उन्होंने निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारी इनकी निरंतर प्रभावी मॉनिटरिंग करें, समय पर भुगतान प्रक्रिया पूर्ण कराएं और हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाए। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र परिवारों की ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग शीघ्र कराने के निर्देश दिए। इसके लिए ग्राम पंचायत एवं ब्लॉकवार गहन मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग के अभाव में योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मानसून सीजन के दौरान मौसमी बीमारियों के प्रति सचेत रहते हुए समुचित तैयारियां रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘मां’ वाउचर योजना का कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए। कुसुम योजनाओं के विभिन्न कंपोनेंट की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, एसपी हरिशंकर, एडीएम उम्मेदी लाल मीना, डीएफओ सुरेश कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। किसानों को समय पर खाद की पर्याप्त उपलब्धता के निर्देश प्रभारी सचिव ने जिले में खाद की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों के लिए समय पर खाद की पर्याप्त उपलब्धता के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वामित्व योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, लाडो योजना, स्कूटी वितरण सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत हुए एमओयू के क्रियान्वयन की समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
