
हनुमानगढ़ जिला पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को पुलिस अधीक्षक हरी शंकर की अध्यक्षता में संपर्क सभा हुई। सभा में जवानों की विभिन्न समस्याएं जैसे टीए बिल, पुलिस लाइन सुविधाएं, संसाधनों की कमी आदि को खुले मंच पर रखा गया। एसपी हरी शंकर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी बेझिझक होकर अपनी बात रखें, कोई भी अधिकारी उन्हें टोकने या परेशान करने का अधिकार नहीं रखता। हम सभी एक पुलिस परिवार हैं और हमें आपसी समन्वय के साथ काम करना है।
एसपी ने बताया कि दो माह के कार्यकाल में उन्होंने जिले में पुलिसकर्मियों के समर्पण और समन्वय को महसूस किया है, चाहे वह मर्डर केस हो, चोरी या लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति, हर मौके पर पुलिस टीम ने बेहतर काम किया है। संपर्क सभा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर, नीलम चौधरी, सीओ एससी-एसटी सेल रणवीर सिंह, सीओ सिटी मीनाक्षी, अपराध सहायक अशोक बिश्नोई, जंक्शन सीआई लक्ष्मण सिंह राठौड़ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सभा के बाद हरियालो राजस्थान अभियान के तहत परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान एसपी हरी शंकर ने सभी को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश भी दिया।
